कुकू कोहली की अंतिम विदाई में छलके पत्नी अरुणा ईरानी के आंसू, गम में डूबा बॉलीवुड

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (26/08/2026): मुंबई के मशहूर फिल्म निर्देशक अवतार ‘कुकू’ कोहली का 25 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। बुधवार को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पति को अंतिम विदाई देते समय अभिनेत्री अरुणा ईरानी बेहद भावुक नजर आईं। इस दौरान उनके करीबी दोस्तों और फिल्म जगत के लोगों ने उन्हें संभाला।

कुकू कोहली की अंतिम यात्रा सुबह करीब 10 बजे अंधेरी के लोखंडवाला स्थित उनके आवास ग्रीन एकर्स से शुरू हुई और ओशिवारा श्मशान घाट पहुंची। उनके अंतिम दर्शन के लिए विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, रोहित शेट्टी, राहुल रवैल, राजपाल यादव, रजा मुराद, गजेंद्र चौहान और तेज सप्रू समेत कई फिल्मी हस्तियां पहुंचीं। शबाना आजमी और जावेद अख्तर समेत अन्य कलाकारों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अभिनेता रजा मुराद ने कुकू कोहली को याद करते हुए बताया कि दोनों बांद्रा के सेंट टेरेसा हाई स्कूल में साथ पढ़े थे। उन्होंने कहा कि कुकू कोहली का शुरुआती जुड़ाव राज कपूर के आरके स्टूडियोज से रहा, जहां उन्होंने सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया। बाद में वह निर्देशक राहुल रवैल के साथ जुड़े और उनके साथ भी काम किया। मुराद के मुताबिक, कुकू बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते थे।

कुकू कोहली ने 1991 में ‘फूल और कांटे’ से निर्देशन की शुरुआत की थी, जिसमें अजय देवगन ने बतौर अभिनेता बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘सुहाग’, ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। ‘सुहाग’ में अजय देवगन, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ 2004 में रिलीज हुई थी।

कुकू कोहली के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। वह अपनी पत्नी अरुणा ईरानी और दो बेटियों पूजा और करिश्मा को पीछे छोड़ गए हैं। अरुणा ईरानी और कुकू कोहली हाल ही में सार्वजनिक तौर पर साथ नजर आए थे। उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार में अरुणा की भावुक तस्वीरों ने उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत को भी भावुक कर दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।