दिल्ली में कब से 35 रुपये किलो मिलेगा प्याज ?, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (26 August 2026): दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों को केंद्र सरकार ने राहत देने का फैसला किया है। केंद्र सरकार गुरुवार से राजधानी में प्याज की खुदरा बिक्री 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर शुरू करेगी। कई शहरों में प्याज के दाम 55 से 60 रुपये किलो तक पहुंचने के बीच यह कदम उठाया गया है। केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी गुरुवार को दिल्ली में इस रियायती बिक्री की शुरुआत कर सकते हैं। सरकार के मुताबिक पहले दिल्ली में बिक्री शुरू होगी और सप्ताह के अंत तक इसे एनसीआर के अन्य इलाकों तक बढ़ाया जाएगा।

रियायती दर पर बेचे जाने वाला प्याज सरकार के 1.21 लाख टन के बफर स्टॉक से बाजार में उतारा जाएगा। इस अभियान को NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार के जरिए संचालित किया जाएगा। NCCF के पास करीब 62 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक है। संस्था ने महाराष्ट्र के नासिक से 400 टन प्याज दिल्ली भेजा है, जिसे ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए राजधानी लाया जा रहा है। इसके अलावा NAFED भी अपने स्टॉक से दिल्ली समेत अन्य शहरों में प्याज की आपूर्ति करेगा।

NCCF दिल्ली में प्याज की बिक्री के लिए करीब 100 केंद्रीय भंडार स्टोर का इस्तेमाल करेगा। इसके साथ ही मदर डेयरी के करीब 300 आउटलेट के जरिए बिक्री की संभावना पर भी बातचीत चल रही है। उपभोक्ताओं तक सीधे प्याज पहुंचाने के लिए मोबाइल वैन भी तैनात की जाएंगी। शुरुआत में 15 मोबाइल वैन चलाने की योजना है, जबकि शुक्रवार से इनकी संख्या बढ़ाकर 40 की जा सकती है। सरकार रेल मार्ग से भी बड़े पैमाने पर प्याज की आपूर्ति कर रही है, ताकि मांग वाले क्षेत्रों में तेजी से स्टॉक पहुंचाया जा सके।

प्याज की कीमतों में पिछले एक महीने में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 25 अगस्त को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत 44.72 रुपये प्रति किलो रही, जो 25 जुलाई के 34.80 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 28 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है। एक साल पहले प्याज की औसत कीमत करीब 28.67 रुपये प्रति किलो थी, यानी सालाना आधार पर कीमतों में लगभग 56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दिल्ली में बुधवार को प्याज करीब 55 रुपये किलो बिका, जबकि मुंबई में 48 रुपये और चेन्नई व कोलकाता में कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।

थोक बाजार में भी प्याज की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 25 अगस्त को प्याज की औसत थोक कीमत 36.73 रुपये प्रति किलो रही, जो एक साल पहले के 22.54 रुपये के मुकाबले करीब 63 प्रतिशत अधिक है। अधिकारियों के अनुसार अगस्त-सितंबर में प्याज की कीमतों में मौसमी तेजी सामान्य तौर पर देखी जाती है। त्योहारी मांग, मौसम से जुड़ी परेशानियां, आपूर्ति श्रृंखला में बदलाव और खपत के पैटर्न में परिवर्तन इस तेजी के प्रमुख कारणों में शामिल बताए जा रहे हैं।

हालांकि, सरकार का कहना है कि देश में प्याज की उपलब्धता पर्याप्त है और आने वाले महीनों में घरेलू मांग को पूरा करने में कोई बड़ी समस्या नहीं होगी। वर्ष 2025-26 में प्याज का अनुमानित उत्पादन करीब 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 307.67 लाख टन के लगभग बराबर है। ऐसे में सरकार बफर स्टॉक को बाजार में उतारकर कीमतों पर दबाव कम करने की कोशिश कर रही है। दिल्ली में 35 रुपये किलो की बिक्री शुरू होने के बाद अब नजर इस बात पर होगी कि इसका असर खुले बाजार की कीमतों पर कितना पड़ता है और एनसीआर के उपभोक्ताओं को सस्ती प्याज की उपलब्धता कब तक मिलती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।