दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव, NDMC चेयरमैन ने मांगी माफी!
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (26 August 2026): नई दिल्ली में पिछले दो दिनों से हो रही तेज मानसूनी बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। एनडीएमसी क्षेत्र के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात इतने खराब रहे कि वीवीआईपी इलाके में भी सड़कों पर पानी भर गया। तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन को भी जलभराव का सामना करना पड़ा था। दोनों के पानी में उतरकर स्टेडियम के अंदर जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के चेयरमैन मनोज द्विवेदी ने जलभराव को लेकर आम जनता से माफी मांगी है। उन्होंने माना कि बारिश के कारण कई इलाकों में लोगों को अपेक्षा से अधिक परेशानी हुई। मनोज द्विवेदी के मुताबिक सामान्य परिस्थितियों में एनडीएमसी क्षेत्र में जलभराव को करीब 15 से 20 मिनट में नियंत्रित कर लिया जाता है, लेकिन इस बार बेहद कम समय में हुई भारी बारिश ने पूरी व्यवस्था पर असाधारण दबाव डाल दिया। उन्होंने बताया कि दो घंटे से भी कम समय में 72 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
एनडीएमसी चेयरमैन ने कहा कि अचानक हुई तेज बारिश के कारण कम से कम तीन से चार प्रमुख क्षेत्रों में पानी निकालने में कई घंटे लग गए। उन्होंने साफ किया कि खराब मौसम को प्रशासन की कमियों का बहाना नहीं बनाया जा सकता। एनडीएमसी अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए जल निकासी व्यवस्था की कमियों की समीक्षा करेगा। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए मौजूदा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जल निकासी के बुनियादी ढांचे में जरूरी सुधार किए जाएंगे।
इसके लिए एनडीएमसी की ओर से अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर कार्ययोजना तैयार करने की बात कही गई है। प्रशासन का फोकस ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने पर होगा जहां बारिश के दौरान सबसे ज्यादा पानी जमा होता है। साथ ही जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक बनाने और उसकी क्षमता बढ़ाने के उपाय किए जाएंगे। चेयरमैन ने प्रशासनिक तंत्र को अधिक जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया, ताकि बारिश के दौरान शिकायतों और जलभराव की स्थिति पर तेजी से कार्रवाई हो सके।
एनडीएमसी ने इस पूरी कवायद में आम लोगों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया है। चेयरमैन मनोज द्विवेदी ने नागरिकों और क्षेत्र के विशेषज्ञों से जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव देने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि तकनीकी विशेषज्ञता और जनभागीदारी के बेहतर समन्वय से लुटियंस दिल्ली और एनडीएमसी क्षेत्र में जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है। अब आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि समीक्षा के बाद तैयार होने वाली योजनाएं जमीन पर कितनी तेजी से लागू होती हैं और अगली तेज बारिश में नई दिल्ली की सड़कों पर जलभराव की स्थिति कितनी बदलती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।