IIT Delhi छात्र मौत मामले में बड़ा कदम, जांच के लिए पांच सदस्यीय बाहरी पैनल गठित

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (26 August 2026): आईआईटी दिल्ली में एमएससी फिजिक्स के 31 वर्षीय छात्र ऋषिकेश कुमार की मौत के बाद छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच संस्थान ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय बाहरी समिति गठित की है। आईआईटी दिल्ली के निदेशक रंगन बनर्जी ने छात्रों को ईमेल के जरिए समिति के गठन की जानकारी दी। छात्रों ने घटना की स्वतंत्र जांच और कैंपस में मानसिक स्वास्थ्य सहायता व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर सोमवार और मंगलवार को प्रदर्शन किया था।

जांच समिति की अध्यक्षता उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक, आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र और हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार करेंगे। समिति में एम्स नई दिल्ली के मनोरोग विभाग के प्रमुख प्रोफेसर प्रताप शर्मा, दो छात्र प्रतिनिधि और आईआईटी दिल्ली के रजिस्ट्रार शामिल हैं। रजिस्ट्रार समिति के सचिव और संयोजक की भूमिका निभाएंगे। पैनल को छात्रों, शिक्षकों और अन्य संबंधित पक्षों से बातचीत करने के साथ-साथ संस्थान की प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। समिति को अपनी रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर सौंपनी होगी।

छात्रों के साथ हुई बैठकों के बाद आईआईटी दिल्ली प्रशासन ने कैंपस की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदमों की घोषणा भी की है। संस्थान के आंतरिक तंत्र से हल नहीं होने वाली शिकायतों और ग्रीवांस के निपटारे के लिए एक स्वतंत्र बाहरी लोकपाल नियुक्त करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा छात्रों को मानसिक और भावनात्मक सहायता उपलब्ध कराने के लिए फैकल्टी और छात्र मेंटर्स की अतिरिक्त सपोर्ट प्रणाली शुरू की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्रों को समय रहते सहायता मिल सके।

प्रशासन ने मृतक छात्र के परिवार की सहायता के लिए भी कई फैसले किए हैं। इसमें मेडिकल खर्चों की प्रतिपूर्ति, बेनिवोलेंट फंड से आर्थिक मदद और फैकल्टी तथा छात्रों के स्वैच्छिक योगदान से एक विशेष सहायता फंड बनाना शामिल है। आईआईटी दिल्ली ने कहा है कि छात्रों की भलाई और मानसिक स्वास्थ्य उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। संस्थान का उद्देश्य कैंपस में ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां छात्र अपनी समस्याओं को बिना झिझक सामने रख सकें और उन्हें समय पर आवश्यक सहायता मिल सके।

दरअसल, 22 अगस्त को आईआईटी दिल्ली के लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से गिरने के बाद ऋषिकेश कुमार की मौत हो गई थी। घटना के बाद कैंपस में छात्रों के बीच आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रशासन से जवाबदेही तथा स्वतंत्र जांच की मांग उठाई। लगातार प्रदर्शन और बैठकों के बाद बाहरी जांच समिति के गठन की घोषणा की गई, जिसके बाद छात्रों का विरोध-प्रदर्शन समाप्त हो गया। अब सभी की नजर दो सप्ताह में आने वाली जांच रिपोर्ट पर है, जिससे घटना से जुड़े तथ्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।