New Delhi News (25 August 2026): यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के 10 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद और कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने इसे भारत की डिजिटल यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प ने देश की भुगतान व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है।
खंडेलवाल ने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुई यूपीआई व्यवस्था ने भारत को दुनिया की सबसे बड़ी रियल टाइम डिजिटल भुगतान अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी बना दिया है। यूपीआई आज केवल तकनीकी प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों, छोटे व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि देश में हर महीने 20 अरब से अधिक यूपीआई लेनदेन हो रहे हैं, जिनका कुल मूल्य 25 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। यूपीआई ने बैंकिंग और डिजिटल भुगतान सेवाओं को आम आदमी तक पहुंचाने के साथ नकद आधारित लेनदेन को डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने में अहम भूमिका निभाई है।
खंडेलवाल के मुताबिक, छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, किराना व्यापारियों, कारीगरों और सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को यूपीआई से बिना बड़े निवेश के डिजिटल भुगतान स्वीकार करने की सुविधा मिली है। इससे लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ी, नकदी प्रबंधन का खर्च घटा और भुगतान की गति तेज हुई है।
उन्होंने कहा कि जन धन खातों, आधार और मोबाइल यानी JAM Trinity के साथ यूपीआई ने वित्तीय समावेशन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। देश के दूरदराज इलाकों में भी महिलाएं, किसान, श्रमिक और छोटे कारोबारी मोबाइल फोन के जरिए सुरक्षित और त्वरित भुगतान कर रहे हैं।
खंडेलवाल ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान यूपीआई ने संपर्क रहित भुगतान को बढ़ावा देकर आर्थिक गतिविधियों को जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डिजिटल भुगतान ने औपचारिक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और नकद आधारित अनियमितताओं को कम करने में भी योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि भारत का यूपीआई मॉडल अब दुनिया के कई देशों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है और इसकी वैश्विक स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को दर्शाता है, जिसमें भारत को तकनीक और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व देने की परिकल्पना की गई है।
खंडेलवाल ने कहा कि यूपीआई के 10 वर्ष केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की सफलता नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय रिजर्व बैंक, NPCI, बैंकों और देश के करोड़ों नागरिकों को यूपीआई की ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।