नई दिल्ली (25 अगस्त 2026): संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘पावन माटी कलश—वंदन एवं वितरण’ कार्यक्रम का आयोजन तालकटोरा स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित अनेक संत-महात्मा, गुरुजन और पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी को दिल्ली के सभी 14 जिलों तक पहुंचाने के लिए वाहनों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पावन माटी कलश को श्रद्धा, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश के साथ सभी जिला अध्यक्षों तक पहुंचाया गया।
गुरु रविदास जी ने समाज को नई दिशा दी: नितिन नवीन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने ऐसे समय में समाज को नई दिशा देने का कार्य किया, जब ऊंच-नीच, भेदभाव और अनेक सामाजिक कुरीतियां समाज को जकड़े हुए थीं। उन्होंने अपने विचारों और जीवन के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानव सम्मान का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की वाणी ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के भीतर भी आत्मसम्मान और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का भाव जगाया। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें अपने आचरण और सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।
नितिन नवीन ने कहा कि जब-जब देश पर संकट आया, भारतीय संतों ने समाज को एकजुट करने और सही मार्ग दिखाने का कार्य किया। संत रविदास जी ने भी अपनी दृढ़ विचारधारा के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की सोच का मूल भाव था कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र इसी भावना को आगे बढ़ा रहा है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
‘पावन माटी कलश’ समरसता के संकल्प का प्रतीक: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बनारस से चली यह पवित्र माटी अब दिल्ली के जन-जन तक पहुंचने के लिए तैयार है। हमारा प्रयास है कि यह पावन माटी हर घर और हर बस्ती तक पहुंचे और इसके माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं एवं उनका आशीर्वाद प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। संत रविदास जी की शिक्षा है कि कोई छोटा या बड़ा नहीं है, सभी को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब यह पवित्र कलश यात्रा दिल्ली के एक-एक जिले और बस्ती तक पहुंचेगी, तो संत रविदास जी के विचारों और समरसता के संदेश से पूरी दिल्ली आलोकित होगी। समाज का हर वर्ग एक-दूसरे का सम्मान करते हुए आगे बढ़े, तभी मजबूत, समरस और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
14 जिलों तक पहुंचाया जाएगा संत रविदास जी का संदेश: हर्ष मल्होत्रा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा उनके जीवन, विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। गुरु रविदास जी ने भक्ति के साथ कर्म, करुणा, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर वाराणसी से प्रारंभ हुए पवित्र माटी कलश अभियान की अगली कड़ी में दिल्ली के सभी 14 जिलों को पावन माटी के कलश प्रदान किए जा रहे हैं। इन कलशों को जिलों, मंडलों और मंदिरों तक ले जाकर संत रविदास जी के समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग और घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पवित्र माटी पहुंचाना नहीं, बल्कि गुरु रविदास जी के भक्ति, कर्म, मानवता और सामाजिक समरसता के विचारों को जन-जन के जीवन का हिस्सा बनाना है।
संत-महात्मा और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मोहन लाल गिहारा ने किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्या, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल, बांसुरी स्वराज, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली सरकार में मंत्री रविन्द्र इंद्रराज एवं मनजिंदर सिंह सिरसा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल एवं योगिता सिंह, एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष लाजपत राय सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जगतगुरु कृष्ण शाह विद्यार्थी चन्द्र गिरी जी, साध्वी रैणुका महाराज जी, स्वामी जगमानंद महाराज जी, विवेक मुनि जी, कृष्ण मुरारी दास प्रभु जी, महंत नारायण गिरी जी, विमलानन्द गिरी जी और शिखेश कुमार राम जी सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति रही।
‘पावन माटी कलश’ के दिल्ली के सभी 14 जिलों के लिए रवाना होने के साथ ही अभियान ने राजधानी में सामाजिक समरसता, समानता और गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।