यूपी-जापान रिश्तों को नई रफ्तार, जापानी निवेश और पर्यटन पर सीएम योगी का जोर

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (25/08/2026): उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में योगी सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के साथ संबंधों को मजबूत करने और प्रदेश में जापानी कंपनियों के लिए अनुकूल निवेश माहौल तैयार करने को लेकर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्यमंत्री ने इन्वेस्ट यूपी और संबंधित विभागों को जापान के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेश बढ़ाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकता है।

यीडा में जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की समीक्षा

बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में प्रस्तावित जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई। प्रस्तावित 500 एकड़ भूमि में से 350 एकड़ से अधिक का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने शेष प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।सरकार का उद्देश्य जापानी कंपनियों और निवेशकों के लिए बेहतर औद्योगिक एवं कारोबारी माहौल तैयार करना है, ताकि उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश को बढ़ावा मिल सके।

जापान में यूपी का प्रतिनिधिमंडल भेजने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जापान में सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में होने वाले विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल भेजने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्यमी और संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
इसके साथ ही जापानी भाषा की पढ़ाई और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों को गति देने पर भी जोर दिया गया। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को जापान के यामानाशी समेत अन्य क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

जापानी पर्यटकों के लिए बनेगा बौद्ध पर्यटन रूट

पर्यटन क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने जापानी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रदेश के प्रमुख बौद्ध स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती और कपिलवस्तु को जोड़कर व्यापक बौद्ध पर्यटन रूट विकसित करने पर जोर दिया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और यामानाशी के टूर ऑपरेटरों के बीच सहयोग बढ़ाकर द्विपक्षीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने की बात कही गई।

ट्रेड शो में जापानी विशेषज्ञों के साथ होंगे विशेष सत्र

मुख्यमंत्री ने आगामी ट्रेड शो में जापानी विशेषज्ञों के साथ विशेष सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। इन सत्रों के जरिए प्रदेश के उद्यमियों और युवाओं को जापान के विशेषज्ञों के अनुभव और विशेषज्ञता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सारनाथ और जापान के नारा शहर के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। सरकार की रणनीति निवेश, रोजगार, कौशल विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटन के माध्यम से उत्तर प्रदेश-जापान संबंधों को नई ऊंचाई देने की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।