UP International Trade Show-2026 की तैयारियों में तेजी, विभागों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/08/2026): ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को इंडिया एक्सपो मार्ट में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

बैठक में एडीएम ने कहा कि ट्रेड शो प्रदेश के उद्योग, व्यापार, हस्तशिल्प, एमएसएमई और अन्य क्षेत्रों की उपलब्धियों को देश-दुनिया के सामने रखने का बड़ा मंच है। आयोजन में बड़ी संख्या में निवेशकों, कारोबारियों, प्रदर्शकों और विदेशी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां समय पर पूरी करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

अधिकारियों को सबसे ज्यादा ध्यान यातायात व्यवस्था पर देने के निर्देश दिए गए। संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थल, प्रवेश और निकास मार्ग, वाहनों की आवाजाही तथा वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था पहले से तैयार करने को कहा गया। यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों को मिलकर विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग और अतिथियों के ठहरने से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया। आयोजन स्थल पर लगातार बिजली आपूर्ति बनाए रखने के साथ आपात स्थिति के लिए बैकअप व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त उपकरण और इमरजेंसी निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने, जबकि स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और आकस्मिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रखने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच करने की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में यीडा के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया, ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आरके गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तैयारियों को समय से पूरा करने पर जोर दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।