दिल्ली में संपत्ति विवाद को लेकर एक भाई ने की दूसरे भाई की हत्या
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (14 फरवरी 2025): दिल्ली के द्वारका इलाके में संपत्ति और किराये के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन दिल्ली पुलिस की द्वारका टीम ने 48 घंटे के भीतर यूपी के कई इलाकों में छापेमारी कर मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे, चार जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किया है।
द्वारका डीसीपी अंकीत सिंह की टीम ने घटना के तुरंत बाद जांच शुरू की और तकनीकी सर्विलांस व खुफिया जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर रेड की। पुलिस की टीम ने आखिरकार मोदीनगर से मुख्य आरोपी रविंद्र कुमार उर्फ लोका (पुत्र बलवान सिंह) और उसके तीन साथियों – सतेंद्र सिलोटिया उर्फ पिंटू उर्फ छोटा हाथी, जाहिद और अवनीश उर्फ छोटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रविंद्र कुमार और उसके भाई के बीच लंबे समय से संपत्ति और किराये के बंटवारे को लेकर झगड़ा चल रहा था। दोनों भाइयों के बीच कई बार कहासुनी हो चुकी थी, लेकिन मामला इतना बढ़ जाएगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। हत्या की रात विवाद इतना बढ़ गया कि रविंद्र ने गुस्से में आकर अपने भाई को गोली मार दी और फरार हो गया।
हत्या के बाद आरोपी दिल्ली से भागकर अलग-अलग जगहों पर छिपते रहे। पुलिस को उनकी लोकेशन यूपी के मोदीनगर, मेरठ और बागपत में मिली, जिसके बाद विशेष टीम बनाकर छापेमारी की गई। आखिरकार, पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को धर दबोचा और उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद कर लिए।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या यह आपसी झगड़े में अचानक हुई वारदात थी। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास अवैध हथियार कहां से आए और क्या इनके कोई अन्य आपराधिक संबंध भी हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।