फर्जी CBI अफसर बनकर घर में घुसने पहुंचे 8 लोग, दिल्ली पुलिस ने 7 को दबोचा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 August 2026): दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में खुद को CBI अधिकारी बताकर एक घर में छापेमारी करने और परिवार को धमकाने वाले गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के एक अन्य सदस्य की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त की रात करीब 10 बजे आठ लोग—छह पुरुष और दो महिलाएं—प्रशांत विहार निवासी प्रथम अग्रवाल के घर पहुंचे थे। आरोपितों ने खुद को केंद्रीय जांच ब्यूरो का अधिकारी बताया और फर्जी पहचान पत्र दिखाकर घर में तलाशी लेने की मांग की।

पुलिस के अनुसार, कथित फर्जी अधिकारियों ने प्रथम अग्रवाल और उनकी मां को धमकाया और करीब डेढ़ घंटे तक घर के बाहर मौजूद रहकर आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बना दिया। बाद में आरोपित प्रथम अग्रवाल के पिता को नोटिस देने की बात कहकर वहां से चले गए। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि उनके पिता के मोबाइल पर कथित CBI नोटिस भेजा गया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। शिकायत मिलने के बाद 19 अगस्त को मामला दर्ज किया गया और तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान शुरू की।

जांच के आधार पर पुलिस ने आसिफा, पूजा अग्रवाल, कुलदीप शर्मा, चंदर प्रकाश शर्मा, शुभम उर्फ गोलू, राजवीर सिंह और नितिन शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, CBI का लोगो लगे कपड़े, फर्जी पहचान पत्रों के स्क्रीनशॉट और वारदात से संबंधित CCTV फुटेज बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच में कुलदीप शर्मा को इस पूरे गिरोह का कथित मास्टरमाइंड बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप पूर्व कर्मचारी था और उसे कथित तौर पर पीड़ित परिवार तथा उनके पते से जुड़ी जानकारी थी। वहीं पूजा अग्रवाल पर अन्य लोगों को इस फर्जी छापेमारी में शामिल कराने की भूमिका निभाने का आरोप है।

पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को डराने और उनसे नकदी या कीमती सामान हासिल करने के लिए इसी तरह की अन्य वारदातें भी कर चुका है। जांच एजेंसियां अब दिल्ली और मुंबई में गिरोह से जुड़ी संभावित दूसरी घटनाओं और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटा रही हैं। साथ ही फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज कहां से तैयार किए गए, इसके स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ गिरोह के पूरे नेटवर्क और उसके काम करने के तरीके की जांच में जुटी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।