दिल्ली में पुत्र ने पिता के हत्या की दी सुपारी, मामला जानकर चौंक जाएंगे आप!
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (14 फरवरी 2025): दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपने पिता की हत्या के लिए नौकर को सुपारी दी। पारिवारिक विवाद और संपत्ति के लालच में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या करवा दी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे लव और वारदात में शामिल नौकर के बेटे विशाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी नौकर जितेंद्र अब भी फरार है।
क्या है पूरा मामला?
67 वर्षीय रमेश भारद्वाज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में रहते थे। उनके परिवार में दो शादीशुदा बेटियां और एक बेटा लव है।रमेश भारद्वाज 28 जनवरी से लापता थे। उनकी बेटी एकता अरोड़ा ने 29 जनवरी को उनके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रमेश भारद्वाज को आखिरी बार उनके पुराने नौकर जितेंद्र के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस जब जितेंद्र के घर पहुंची, तो वह पहले से ही अपने बेटे विशाल के साथ फरार हो चुका था।
पुलिस जांच में सामने आया कि रमेश भारद्वाज ने अपने बेटे लव को संपत्ति से बेदखल करने का फैसला किया था, क्योंकि लव ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। इस फैसले से नाराज होकर लव ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश रच डाली। लव ने अपने पिता को मारने के लिए अपने नौकर जितेंद्र और उसके बेटे विशाल को सुपारी दी। लव ने वारदात से पहले जितेंद्र को 35,000 रुपये एडवांस दिए थे, जबकि बाकी की रकम हत्या के बाद देने का वादा किया था।
आरोपी विशाल ने पुलिस को बताया कि उसके पिता जितेंद्र ने रमेश भारद्वाज की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक बोरे में डालकर नाले में फेंक दिया। विशाल ने अपने पिता जितेंद्र की इस अपराध में मदद की थी। पुलिस ने इस मामले में तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन की मदद से विशाल को पकड़ लिया। पूछताछ में विशाल ने हत्या की पूरी साजिश उजागर कर दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नाले से रमेश भारद्वाज का शव बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने रमेश भारद्वाज के बेटे लव को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, हत्या का मुख्य आरोपी नौकर जितेंद्र अब भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
क्या था हत्या का कारण?
रमेश भारद्वाज ने लव के खिलाफ जाकर संपत्ति को अपनी दोनों बेटियों के बीच बांटने का फैसला किया था।लव ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी, जिससे पिता उससे नाराज थे। पिता की हत्या कराकर पूरी संपत्ति हड़पने की योजना बनाई थी। फिलहाल, लव और विशाल पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि जितेंद्र की तलाश जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही जितेंद्र को पकड़ने का दावा कर रही है।
यह घटना यह साबित करती है कि पैसों और संपत्ति का लालच किस हद तक इंसान को गिरा सकता है। जहां एक पिता अपने बेटे के भविष्य के लिए चिंतित था, वहीं बेटा उसी पिता के खून का प्यासा बन गया। यह मामला पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट और नैतिक मूल्यों के गिरते स्तर को भी दर्शाता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।