ITO पर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंची Swift; दो विधायकों समेत 6 घायल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 August 2026): दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल ITO पर रविवार रात करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार बेकाबू होकर डिवाइडर और लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। इसके बाद कार सामने से आ रही कर्नाटक सरकार के बोर्ड लगी इनोवा से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा पुलिस मुख्यालय और PWD कार्यालय के सामने हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में आर्य नगर निवासी आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रहे थे। PWD कार्यालय के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार वाहन पहले डिवाइडर से टकराया, फिर लोहे की रेलिंग पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गया। इसके बाद वह ITO से लक्ष्मी नगर की ओर जा रही इनोवा से भिड़ गया। शुरुआती जांच में वाहन के सिलेंडर में विस्फोट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

इनोवा में दिल्ली के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल समेत अन्य लोग सवार थे। हादसे में दोनों वाहनों में मौजूद कुल छह लोग घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही IP Estate थाना पुलिस और दमकल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई और प्राथमिक उपचार दिया।

हादसे के बाद ITO पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका। IP Estate थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्विफ्ट का संतुलन किस वजह से बिगड़ा, वाहन की रफ्तार कितनी थी और क्या सिलेंडर में किसी तरह की तकनीकी समस्या या विस्फोट ने दुर्घटना को जन्म दिया।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।