अपना घर आश्रम में गूंजा भाई-बहन के स्नेह का संदेश, ‘राखी विद प्रभु जी’ कार्यक्रम में बहनों ने बांधी राखी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (23/08/2026): रक्षा बंधन के पावन अवसर पर सेक्टर-34 स्थित अपना घर आश्रम में रविवार को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अपनत्व से जुड़ा भावुक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जीवन अर्पण सामाजिक सेवा संस्था की ओर से आयोजित ‘राखी विद प्रभु जी’ कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने आश्रम में रह रही बहनों के साथ रक्षा बंधन का त्योहार मनाया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने आश्रम में रह रही बहनों से अपनी कलाई पर राखी बंधवाई। राखी बंधवाने के बाद सदस्यों ने बहनों का आशीर्वाद लिया और उनकी हरसंभव सहायता एवं सुरक्षा का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान आश्रम का माहौल भाई-बहन के प्रेम और आत्मीयता से सराबोर नजर आया।

रक्षा बंधन के इस आयोजन ने आश्रम में रह रहे प्रभुजनों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। बहनों को अपने भाइयों का स्नेह और अपनापन मिला, वहीं संस्था के सदस्यों ने भी उनके साथ समय बिताकर इस विशेष पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में मानवता, अपनत्व और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देना भी रहा।

संस्था के सदस्यों ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं है, बल्कि यह एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के उन लोगों के साथ खुशियां साझा करने का प्रयास किया जाता है, जिन्हें स्नेह और अपनत्व की सबसे अधिक जरूरत होती है।कार्यक्रम में जीवन अर्पण सामाजिक सेवा संस्था के संस्थापक दीपांशु शर्मा, शालू गोयल (सदस्य, अपना घर), गोपाल गुप्ता, निशु उपाध्याय, मनीष पांडेय, राहुल भारद्वाज, आर्यन शुक्ला और कार्तिकेय पांडे समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ बंद हैं।