पुलिस हॉकी में गौतमबुद्ध नगर का दबदबा, बागपत को 7-1 से हराकर फाइनल में पहुंची टीम

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/08/2026): शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, बीटा-2, ग्रेटर नोएडा में चल रही मेरठ जोन की 27वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता (पुरुष/महिला)-2026 में रविवार को पुरुष वर्ग के मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। दिनभर हुए मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग के फाइनल में गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर ने अपनी जगह पक्की कर ली।

रविवार को प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल के रूप में मुजफ्फरनगर और हापुड़ के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन मुजफ्फरनगर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए हापुड़ को 2-1 से मात दी। इस जीत के साथ मुजफ्फरनगर ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इसके बाद पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में मेजबान गौतमबुद्धनगर की टीम का सामना बागपत से हुआ। मुकाबले की शुरुआत से ही गौतमबुद्धनगर के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार गोल करते हुए बागपत पर दबाव बनाए रखा। गौतमबुद्धनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 7-1 के बड़े अंतर से अपने नाम किया और फाइनल में प्रवेश कर लिया।

वहीं, पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में मुजफ्फरनगर और मेरठ की टीमें आमने-सामने थीं। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोर लगाया। अंतिम सीटी बजने तक मुजफ्फरनगर ने मेरठ को 5-4 से हराकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

इस तरह पुरुष वर्ग के खिताबी मुकाबले में अब गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर की टीमें आमने-सामने होंगी। गौतमबुद्धनगर की टीम जहां सेमीफाइनल में बागपत के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से लबरेज है, वहीं मुजफ्फरनगर ने लगातार दो मुकाबले जीतकर फाइनल का टिकट हासिल किया है।

प्रतियोगिता के महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला 24 अगस्त को सुबह 11 बजे मेरठ और गाजियाबाद के बीच खेला जाएगा। इसके बाद पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला दोपहर 3 बजे गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर के बीच होगा। दोनों फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।