चीनी की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, 4000 क्विंटल से ज्यादा स्टॉक पर रोक
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddh Nagar (23/08/2026): ग्रेटर नोएडा में चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने तहसील स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर चीनी के भंडारण की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, डीलरों के लिए अधिकतम स्टॉक सीमा भी निर्धारित की गई है।
इसी अभियान के तहत शनिवार को प्रशासन की टीमों ने जिले में तीन चीनी भंडारण केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीनों स्थानों पर निर्धारित सीमा के भीतर ही चीनी का स्टॉक मिला। अधिकारियों ने डीलरों को निर्देश दिया कि वे अपने भंडार की जानकारी संबंधित पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करें, ताकि जिले में चीनी की उपलब्धता और स्टॉक की वास्तविक स्थिति पर नजर रखी जा सके।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह के मुताबिक, जिले में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध होने के बावजूद कीमतों में अचानक बढ़ोतरी चिंता का विषय है। इसी को देखते हुए अवैध भंडारण और अधिक मुनाफा कमाने की कोशिशों पर रोक लगाने के लिए स्टॉक लिमिट लागू की गई है। यह व्यवस्था 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
नए नियम के तहत कोई भी डीलर चीनी का स्टॉक 30 दिन से अधिक समय तक अपने पास नहीं रख सकेगा। इसके अलावा, किसी भी स्थान पर एक समय में 4,000 क्विंटल से अधिक चीनी का भंडारण मान्य नहीं होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय सीमा से अधिक स्टॉक मिलने या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि जिले में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है। इसलिए कीमतों को लेकर किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर भरोसा न करें। अधिकारियों ने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।