भारत-जापान की युवा पीढ़ी का मिलन, सीएम योगी बोले- आज के बच्चे कल के मजबूत रिश्तों के राजदूत

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (21/08/2026): उत्तर प्रदेश-जापान निवेश बैठक के क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जापान के यामानाशी प्रांत से आए 13 विद्यार्थियों ने लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में भारत-जापान की संस्कृति, परंपरा, अनुशासन, शिक्षा और भविष्य की साझेदारी पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी विद्यार्थियों और उनके फैकल्टी सदस्यों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल विद्यार्थियों का मिलन नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों, दो परंपराओं और दो देशों की युवा पीढ़ियों का मिलन है। उन्होंने जापानी अभिवादन ‘ओहायो गोजाइमासु’ के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की और अंत में ‘अरिगातो गोजाइमासु’ कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बच्चा लखनऊ के किसी गांव से आता है और दूसरा जापान के किसी गांव से, भाषाएं अलग हैं, लेकिन दोनों अपने भविष्य की कहानी लिखने के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही विद्यार्थी भारत-जापान संबंधों के सबसे प्रभावशाली राजदूत बन सकते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की ताकत युवा शक्ति, प्रतिभा, विविधता और सृजनात्मकता में है, जबकि जापान की पहचान अनुशासन, गुणवत्ता, टीमवर्क, सटीकता और नवाचार से है। जब दोनों देशों की ये शक्तियां साथ आएंगी तो इसका लाभ केवल भारत और जापान को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को मिल सकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और जापान के सामाजिक सामंजस्य की भावना के बीच समानता का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से एक-दूसरे की भाषा, संस्कृति और जीवन मूल्यों को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जापान की नई पीढ़ी भारत को केवल एक बाजार के रूप में नहीं, बल्कि साझा सभ्यतागत मित्र के रूप में जाने, यह इस संवाद की बड़ी उपलब्धि होगी।

उन्होंने जापानी विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी परिचित कराया। उन्होंने अयोध्या, मथुरा, वाराणसी और सारनाथ का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की यात्रा जापानी विद्यार्थियों के लिए भारत की संस्कृति और सभ्यतागत विरासत को करीब से समझने का अवसर है।

यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि यह मुलाकात केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने भारतीय और जापानी विद्यार्थियों से इस दोस्ती को आगे बढ़ाकर दीर्घकालिक संबंधों में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की युवा पीढ़ी साथ मिलकर भारत-जापान संबंधों को और मजबूत कर सकती है।

कार्यक्रम के दौरान जापानी विद्यार्थियों ने जापानी भाषा में गीत प्रस्तुत किया। इसके जवाब में भारतीय छात्र ईशान ने भगवान श्रीराम को समर्पित ‘कौशल्या दशरथ के नंदन’ गीत प्रस्तुत किया। दोनों प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक विविधता के बीच भावनात्मक समानता का संदेश दिया।

लखनऊ की छात्रा अक्षरा पांडेय ने जापानी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत के बच्चे डोरेमोन देखते हुए बड़े हुए हैं। उन्होंने जापानी विद्यार्थियों का जापानी भाषा में ‘अरिगातो’ कहकर स्वागत किया और कहा कि भारत की संस्कृति में अतिथि को भगवान का स्वरूप माना जाता है।

जापानी विद्यार्थियों ने भी भारत यात्रा के अपने अनुभव साझा किए। छात्र कजामा ने ताजमहल की सुंदरता और भारत में लोगों के मित्रवत व्यवहार की सराहना की। वहीं छात्रा मियागी मोतो ने कहा कि अलग-अलग संस्कृतियों को समझना और उनका सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने भारत में पहली बार बिंदी लगाने के अनुभव को भी साझा किया।

जापानी विद्यार्थियों ने ओरिगेमी के माध्यम से शांति और मित्रता का संदेश भी दिया। कागज से तैयार किए गए ओरिगेमी मुख्यमंत्री को भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी और भारतीय विद्यार्थियों के साथ सेल्फी भी ली।

‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ कार्यक्रम आर्थिक और निवेश संबंधों से आगे बढ़कर भारत-जापान के मानवीय और सांस्कृतिक रिश्तों का मंच बना। यामानाशी और लखनऊ के विद्यार्थियों की इस मुलाकात ने दोनों देशों की युवा पीढ़ी के बीच दोस्ती और भविष्य की साझेदारी की नई उम्मीद जगाई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।