दनकौर में इंजेक्शन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने गलत उपचार का लगाया आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (21/08/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में इलाज के दौरान 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला दनकौर क्षेत्र के एक अस्पताल में कर्मचारी थी। तबीयत खराब होने पर परिजन उसे दनकौर कस्बे स्थित एक निजी क्लिनिक पर उपचार के लिए लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक में इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।

लतीफपुर बांगर गांव निवासी विकल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी भाभी अंशु शर्मा को गुरुवार को बुखार की शिकायत हुई थी। इसके बाद परिजन उन्हें दनकौर कस्बे स्थित एक निजी क्लिनिक पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने अंशु को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।

हालत गंभीर होने पर क्लिनिक से अंशु को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अंशु को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित क्लिनिक संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मृतका के परिजनों ने गुरुवार शाम करीब पांच बजे दनकौर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत उपचार अथवा चिकित्सकीय लापरवाही के कारण अंशु की मौत हुई है।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।