नोएडा में बनेगा 7 हजार करोड़ का कन्वेंशन सेंटर, मेट्रो से सीधे जुड़ेगा परिसर
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (20/08/2026): नोएडा के सेक्टर-94 में करीब 7 हजार करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन एंड हैबिटेट सेंटर विकसित करने की तैयारी है। नोएडा प्राधिकरण इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पीपीपी मॉडल पर विकसित करेगा। खास बात यह है कि परियोजना के निर्माण में प्राधिकरण को अपनी ओर से धनराशि खर्च नहीं करनी होगी। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस परियोजना से जमीन की कीमत की तुलना में करीब 3 हजार करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त होगा। इसके अलावा राजस्व साझेदारी के तहत नियमित आय भी होगी।
करीब 97 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस सेंटर में होटल, कार्यालय, शॉपिंग एरिया, प्रदर्शनी स्थल और सम्मेलन केंद्र सहित कई आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। परियोजना का कुल निर्माण क्षेत्र करीब 2 लाख वर्गमीटर होगा। यहां 2,050 और 750 लोगों की क्षमता वाले दो बड़े ऑडिटोरियम, 150 कमरों वाला होटल, छह बैंक्वेट हॉल, आर्ट गैलरी और ओपन एयर थिएटर बनाने की योजना है। परियोजना को करीब सात साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस सेंटर की प्रमुख विशेषताओं में इसकी बेहतर कनेक्टिविटी भी शामिल है। इसे मेट्रो नेटवर्क से सीधे जोड़ने की योजना है, जिससे कार्यक्रमों में आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। परिसर में स्मार्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी। ऑटोमेटिक पार्किंग सिस्टम के साथ इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले लगाए जाएंगे और स्मार्ट कार्ड के जरिए प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया गया है। परिसर में एलईडी लाइटिंग के साथ करीब 0.5 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जाएगा। होटल और रेस्तरां में सोलर वॉटर हीटर लगाए जाएंगे। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट, पावर बैकअप और पूरी तरह वातानुकूलित सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। सीवेज का 100 प्रतिशत ट्रीटमेंट करने के साथ ठोस कचरा प्रबंधन और पानी की अलग-अलग सप्लाई लाइन की व्यवस्था की जाएगी।
नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना के विकास के लिए कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक कंपनियों के सवालों और सुझावों पर 1 सितंबर को बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 18 सितंबर को प्री-बिड प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्राधिकरण की योजना है कि कन्वेंशन सेंटर तैयार होने के बाद यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, प्रदर्शनियां और व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।