यूपी-जापान निवेश सम्मेलन में बड़ा ऐलान, 500 एकड़ में जेवर में बनेगी ‘जापानी सिटी’
टेन न्यूज नेटवर्क
Uatter Pradesh News (19/08/2026): नई दिल्ली के ताज पैलेस में बुधवार को यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जापान के 200 से अधिक सीईओ, प्रबंध निदेशक, कंट्री हेड्स और वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा यूपी के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मौजूद रहे।
जापानी निवेशकों को यूपी में निवेश का आमंत्रण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, औद्योगिक पार्क और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी नेटवर्क की जानकारी दी। उन्होंने जापानी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश करने और राज्य की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-5ए में करीब 500 एकड़ क्षेत्रफल में ‘जापानी सिटी’ विकसित किए जाने की घोषणा भी की। प्रस्तावित जापानी सिटी में जापानी उद्योगों, व्यवसायों और नागरिकों के लिए औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय सुविधाओं का समर्पित इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा का ₹2,029 करोड़ का निवेश
सम्मेलन के दौरान यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में दो प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं का वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किया गया।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी करीब ₹2,029 करोड़ के निवेश से विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। परियोजना से लगभग 4,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। यहां हर साल करीब 60,000 ट्रैक्टरों के साथ कृषि मशीनरी और संबंधित कलपुर्जों का निर्माण किया जाएगा।
स्पार्क मिंडा समूह की ₹1,166 करोड़ की परियोजना
वहीं, स्पार्क मिंडा समूह को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-10 और सेक्टर-24 में भूमि आवंटित की गई है। करीब ₹1,166 करोड़ के निवेश वाली इस परियोजना से लगभग 6,440 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत इलेक्ट्रॉनिक स्विच, सेंसर, यूएसबी चार्जर और अन्य ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता करीब 20 लाख यूनिट प्रतिवर्ष बताई गई है।
ग्रीन एनर्जी से सेमीकंडक्टर तक निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में जापानी निवेश को प्रोत्साहित कर रही है। सरकार की ओर से उद्योगों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल मानव संसाधन और तेज स्वीकृति व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, यमुना प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार, सीईओ राकेश कुमार सिंह, एसीईओ एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया समेत वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 को भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सम्मेलन के जरिए उत्तर प्रदेश ने जापानी कंपनियों के सामने राज्य में निवेश की संभावनाएं रखते हुए खुद को वैश्विक विनिर्माण और औद्योगिक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में पेश किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।