यमुना-हिंडन का जलस्तर सामान्य, संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (19/08/2026): गौतमबुद्ध नगर में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। यमुना और हिंडन नदियों का जलस्तर फिलहाल सामान्य है, लेकिन बारिश और जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सिंचाई, राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, जल निगम, आपूर्ति, पशु चिकित्सा, विकास प्राधिकरण और नगर निकायों समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए।
यमुना-हिंडन पर प्रशासन की नजर
सिंचाई विभाग ने बैठक में बताया कि फिलहाल यमुना और हिंडन का जलस्तर सामान्य है। इसके बावजूद जिलाधिकारी ने नदी किनारे कटान वाले क्षेत्रों और बांधों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। रेनकट और रैटहोल की पहचान कर उनकी मरम्मत कराने के साथ ही बालू की बोरियां, जियो बैग और अन्य जरूरी सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है।
संभावित प्रभावित गांवों का तैयार होगा पूरा डेटा
प्रशासन संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों और परिवारों की पहले से सूची तैयार करेगा। इनमें बीमार, असक्त और पांच वर्ष तक के बच्चों की अलग सूची बनाई जाएगी, ताकि बाढ़ की स्थिति में सबसे पहले जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके। एसडीएम और तहसीलदारों को कंट्रोल रूम स्थापित कर शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम के फोन नंबरों का व्यापक प्रचार भी कराया जाएगा।
राहत सामग्री और भोजन की रहेगी व्यवस्था
बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों तक खाद्यान्न, राहत सामग्री, डिग्निटी किट और पका हुआ भोजन पहुंचाने के लिए प्रशासन ने पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयां और मेडिकल स्टाफ तैयार रखने को कहा गया है। बाढ़ चौकियों पर पैरामेडिकल स्टाफ और जरूरी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी।
जलभराव पर प्राधिकरणों की नजर
ग्रेटर नोएडा, नोएडा और अन्य संबंधित क्षेत्रों में विकास प्राधिकरणों और नगर निकायों को जलभराव की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ जरूरत वाले स्थानों पर पंपिंग सेट पहले से चिन्हित किए जाएंगे। आमजन की बिजली, पानी और जलभराव जैसी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए प्राधिकरणों को ‘मित्रा ऐप’ सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गौशालाओं के लिए भी बनेगी योजना
संभावित बाढ़ प्रभावित गौशालाओं की पहचान कर पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था पहले से की जाएगी। पशुओं के लिए भूसा और हरे चारे का पर्याप्त स्टॉक रखने के साथ मेडिकल टीम भी तैयार की जाएगी।
नाव और गोताखोर रहेंगे तैयार
पुलिस विभाग को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पीएसी बाढ़ वाहिनी, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नाविकों और गोताखोरों की सूची तैयार कर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा वायरलेस सेट और अन्य संचार उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
बिजली-पानी की व्यवस्था पर भी फोकस
विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर, पोल और ढीले तारों को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। बाढ़ चौकियों पर बिजली की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। जल निगम को सभी बाढ़ चौकियों के हैंडपंपों की मरम्मत कराने और जरूरत वाले स्थानों पर नए हैंडपंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति आने का इंतजार न करें, बल्कि उससे पहले हर जरूरी तैयारी पूरी रखें। उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित राहत और बचाव के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल और प्रभावी संचार व्यवस्था बेहद जरूरी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, एएसपी पुलिस संतोष कुमार, जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी समेत विभिन्न विभागों और प्राधिकरणों के अधिकारी मौजूद रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।