गाजियाबाद में महिला हेड कॉन्स्टेबल का होटल में शव मिला, साथी पुलिसकर्मी से पूछताछ
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (18/08/2026): गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में दिल्ली पुलिस की महिला हेड कॉन्स्टेबल का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान मुरादनगर के नूरपुर निवासी अदिति के रूप में हुई है। वह दिल्ली के उस्मानपुर थाने में तैनात थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, अदिति 15 अगस्त की शाम करीब 7:12 बजे होटल पहुंची थी। कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल सचिन कुमार भी वहां आया। होटल के रिकॉर्ड के अनुसार, सचिन रात करीब 10:42 बजे होटल से बाहर चला गया था। दोनों के बीच दोस्ती होने की बात सामने आई है और बताया जा रहा है कि वे पहले भी इस होटल में ठहर चुके थे।
अगले दिन 16 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे होटल कर्मचारी गौरव कमरे में पहुंचा तो अदिति का शव अंदर मिला। उसने तत्काल होटल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने होटल कर्मचारियों से भी पूछताछ की।
साहिबाबाद थाना प्रभारी रवींद्र गौतम के अनुसार, पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। होटल के रिकॉर्ड, मौके से मिले साक्ष्य और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। मामले में साथी पुलिसकर्मी सचिन कुमार की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।