कनॉट प्लेस में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, NDMC ने निकाली भव्य ‘तिरंगा यात्रा’
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News | 17 अगस्त 2026: देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को प्रदर्शित करते हुए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की ओर से सोमवार को कनॉट प्लेस में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। नई दिल्ली के जनपथ रेडियल, इनर सर्कल से शुरू हुई इस यात्रा को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ NDMC अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि एवं सरिता तोमर, NDMC सचिव राहुल सिंह, वरिष्ठ अधिकारी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) एवं मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक मौजूद रहे।
हजारों विद्यार्थियों और नागरिकों ने लिया हिस्सा
‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान के तहत आयोजित इस तिरंगा यात्रा में NDMC के विद्यालयों के 6,000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ अभिभावकों, NDMC कर्मचारियों, विशिष्ट अतिथियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में मार्च किया और देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगे से सजे कनॉट प्लेस में यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
‘तिरंगा यात्रा’ विकसित भारत के संकल्प की यात्रा: रेखा गुप्ता
तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हाथों में तिरंगा लेकर चलना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रेम, गौरव, सम्मान और देशभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प की यात्रा है। इसमें बड़ी संख्या में शामिल बच्चे और युवा देश की नई ऊर्जा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हाथ में लेकर चल रहा प्रत्येक नागरिक ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ा हुआ है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक भारतीय का सामूहिक योगदान आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री द्वारा बताई गई ‘सप्तधारा’ के माध्यम से देश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।
टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में भारत के नेतृत्व की क्षमता
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, सॉफ्ट स्किल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत के पास वैश्विक नेतृत्व करने की अपार क्षमता है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक सपना नहीं, बल्कि एक मिशन है और इसके लिए पूरे देश को मिशन मोड में काम करना होगा। उन्होंने बच्चों और युवाओं को इस मिशन का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि जब युवा पढ़ेंगे, नए विचार विकसित करेंगे और राष्ट्रहित में नवाचार करेंगे, तो भारत की प्रगति को नई दिशा और गति मिलेगी।
तिरंगा भारत के सम्मान और पहचान का प्रतीक: कुलजीत सिंह चहल
NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि तिरंगा भारत के सम्मान, गौरव और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
चहल ने कहा कि यात्रा में स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों, कर्मचारियों, अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों की भागीदारी यह दर्शाती है कि देश का हर वर्ग विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा कनॉट प्लेस के इनर सर्कल से होकर आगे बढ़ी। प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। इनर सर्कल का एक पूरा चक्कर लगाने के बाद यात्रा का समापन हुआ।
युवाओं में देशभक्ति और नागरिक चेतना को बढ़ावा
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि NDMC विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। इससे बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, नागरिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश गया।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ने समाज के विभिन्न वर्गों को एक राष्ट्रीय प्रतीक के तहत एक साथ आने का अवसर दिया। इससे यह संदेश मजबूत हुआ कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की साझा पहचान, आकांक्षाओं और एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के समापन पर नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और राष्ट्रीय ध्वज को गर्वपूर्वक प्रदर्शित करने का आह्वान किया गया। NDMC की इस तिरंगा यात्रा ने राजधानी के हृदयस्थल कनॉट प्लेस में स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।