पुलिस कार्रवाई के बीच किसान आंदोलन तेज, करीब 150 किसान गिरफ्तार; 32 महिलाएं भी शामिल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17/08/2026): किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन पुलिस कार्रवाई के बावजूद जारी है। किसान संघर्ष मोर्चा ने प्रशासन की ओर से की जा रही व्यापक पुलिस कार्रवाई और किसानों की गिरफ्तारियों का विरोध करते हुए आंदोलन को जारी रखने का ऐलान किया है। मोर्चा का कहना है कि किसानों की मांगों का समाधान बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए, दमन और गिरफ्तारी के जरिए नहीं।

किसान संघर्ष मोर्चा के अनुसार, डॉ. रुपेश वर्मा, इंद्र प्रधान और सोरन प्रधान के नेतृत्व में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों महिला और पुरुष किसानों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मोर्चे का दावा है कि अब तक करीब 150 किसानों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 32 महिलाएं भी शामिल हैं।

धरना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात

किसानों के आंदोलन को देखते हुए धरना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मोर्चे के मुताबिक पूरे जनपद से पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है और धरना स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। किसान नेताओं ने इस कार्रवाई को आंदोलन को दबाने का प्रयास बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

मोर्चा नेताओं का कहना है कि किसानों ने अपनी मांगों को लेकर पहले भी सरकार और प्रशासन के समक्ष पक्ष रखा था। सरकार की ओर से किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के समाधान तथा 10 प्रतिशत विकसित आबादी के प्लॉट समेत अन्य प्रमुख मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया गया था। किसानों ने इस आश्वासन के बाद सरकार के साथ सहयोग किया, लेकिन उनका आरोप है कि तय समय के बाद भी उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

30 जुलाई से आंदोलन आगे बढ़ाने का लिया था निर्णय

किसान संघर्ष मोर्चा के अनुसार, मांगों का समाधान नहीं होने के बाद किसानों ने 30 जुलाई से आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया। किसानों का आरोप है कि बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय प्रशासन ने पुलिस बल का सहारा लेकर आंदोलन को रोकने का प्रयास किया।

इंद्र प्रधान भी गिरफ्तार

किसानों के आंदोलन में शामिल समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्र प्रधान को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले उन्होंने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई से पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने सरकार से अपील की कि पुलिस कार्रवाई के बजाय किसानों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी जायज मांगों का समाधान किया जाए।

डॉ. रुपेश वर्मा बोले- गिरफ्तारियां किसानों का हौसला नहीं तोड़ सकतीं

किसान नेता डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसानों को गिरफ्तार कर उनके आंदोलन को समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और पुलिस कार्रवाई से उनका मनोबल कमजोर होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसानों की गिरफ्तारी के बावजूद किसान एकजुट हैं। उनके मुताबिक सरकार को दमन की कार्रवाई करने के बजाय किसानों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करना चाहिए।

गिरफ्तार किसानों की रिहाई की मांग

किसान संघर्ष मोर्चा ने प्रशासन से गिरफ्तार किए गए किसानों को तत्काल रिहा करने और धरना स्थल से अतिरिक्त पुलिस बल हटाने की मांग की है। मोर्चे ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर बातचीत का रास्ता ही लोकतांत्रिक समाधान का माध्यम है।

मोर्चा नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसानों की आवाज को गिरफ्तारियों के जरिए दबाया नहीं जा सकता। किसान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। किसान संघर्ष मोर्चा ने ऐलान किया कि गिरफ्तारियां चाहे जितनी हों, आंदोलन जारी रहेगा और जब तक किसानों को उनके अधिकार नहीं मिलते, वे पीछे नहीं हटेंगे। मोर्चा ने विशेष रूप से 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।