हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक, मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (17/08/2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के परौरी गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर काम कर रहा युवक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान परौरी गांव निवासी किसान किशोरी के बेटे नीरज के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार शाम करीब छह बजे नीरज अपने मकान की छत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिजली लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। ग्रामीण शव को लेकर जेवर-खुर्जा रोड पर नहर के पास पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही है और इसे सुरक्षित करने के लिए पहले भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले इसी लाइन की चपेट में आने से एक भैंस की भी मौत हुई थी।
जाम की सूचना मिलते ही जेवर और बुलंदशहर पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया। खुर्जा विधायक और एसडीएम ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। मुआवजे समेत बिजली लाइन को सुरक्षित करने की मांग पर आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि हाईटेंशन लाइन को समय रहते सुरक्षित किया जाता तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।