दिल्ली के रघुबीर नगर में ई-रिक्शा बैटरी फटने से गोदाम में भीषण आग, मामा-भांजे की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17 August 2026): दिल्ली के पश्चिमी इलाके रघुबीर नगर में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। मस्जिद गुरुद्वारा रोड स्थित एक गोदाम की पहली मंजिल पर कथित तौर पर ई-रिक्शा की बैटरी फटने के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना सुबह करीब 4:42 बजे दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद तीन दमकल गाड़ियों और एक वॉटर बाउजर को मौके पर भेजा गया। करीब 5:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

दमकल विभाग के मुताबिक, गोदाम की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरियां चार्ज की जा रही थीं। इसी दौरान एक बैटरी फटने के बाद वहां रखे घरेलू सामान में आग फैल गई। आग तेजी से फैलने के कारण अंदर मौजूद दो लोग इसकी चपेट में आ गए। दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही दोनों को बाहर निकालकर रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आग लगने के वास्तविक कारण का अभी आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 17 वर्षीय मोहम्मद सुफैद और 38 वर्षीय मोहम्मद सहमद के रूप में हुई है। दोनों बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले थे और रिश्ते में मामा-भांजे थे। पुलिस को सुबह करीब 5:24 बजे PCR कॉल के जरिए R-17 बिल्डिंग की पहली मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो दोनों घायल अवस्था में मिले, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जांच में सामने आया है कि मोहम्मद सुफैद अपने पिता मोहम्मद नसीब और मामा मोहम्मद सहमद के साथ किराये के मकान में रह रहा था। तीनों ई-रिक्शा चलाने का काम करते थे और उसी जगह ई-रिक्शा की बैटरियां चार्ज करते थे। परिवार के अन्य सदस्य बिहार के भागलपुर में रहते हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने की सटीक वजह का पता लगाने में जुटे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि बैटरी चार्ज करने की व्यवस्था सुरक्षित थी या नहीं और आग किन परिस्थितियों में इतनी तेजी से फैली। संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। इस हादसे ने ई-रिक्शा की बैटरियों को चार्ज करने के दौरान सुरक्षा मानकों और आग से बचाव के इंतजामों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।