New Delhi News (17 अगस्त 2026): नई दिल्ली के भारत मंडपम में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) एवं इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित चार दिवसीय भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुआ। आयोजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत” के विजन को आगे बढ़ाते हुए देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
1.8 लाख से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव में व्यापारियों, निर्माताओं, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, निवेशकों, नीति निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, उपभोक्ताओं और विदेशी खरीदारों सहित 1.8 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया।
महोत्सव के दौरान आयोजित खरीदार-विक्रेता बैठकों, व्यापारिक संवादों, सोर्सिंग चर्चाओं और साझेदारी वार्ताओं के माध्यम से ₹5,000 करोड़ से अधिक के व्यापारिक अवसर सृजित हुए हैं। इन अवसरों के आने वाले महीनों में वास्तविक व्यापारिक सौदों में बदलने की संभावना जताई गई है।
23 देशों से पहुंचे 347 विदेशी प्रतिनिधि
खंडेलवाल ने बताया कि BVM 2026 की प्रमुख विशेषताओं में इसकी मजबूत अंतरराष्ट्रीय भागीदारी रही। महोत्सव में 23 देशों से 347 विदेशी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें अफ्रीका, यूरोप, एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और लैटिन अमेरिका के देशों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
विदेशी प्रतिनिधियों ने भारतीय उद्यमों के साथ सोर्सिंग, रणनीतिक साझेदारी, संयुक्त उपक्रम, तकनीकी सहयोग, कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग और दीर्घकालिक व्यापारिक संबंधों की संभावनाओं पर चर्चा की। इसे भारतीय विनिर्माण एवं आपूर्ति श्रृंखला की वैश्विक स्वीकार्यता में बढ़ोतरी के संकेत के तौर पर देखा गया।
प्रमुख अंतरराष्ट्रीय ब्रांड और बाइंग हाउसेज़ की भागीदारी
महोत्सव में 20 से अधिक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय ब्रांड प्रतिनिधियों और वैश्विक बाइंग हाउसेज़ की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रही। इनमें प्राइमरी ग्रुप, रिलायंस रिटेल, ट्राइबर्ग, इम्पल्स और न्यू टाइम्स ग्रुप प्रमुख रहे।
इन संस्थाओं ने वस्त्र, फैशन, कृषि, लाइफस्टाइल, हस्तशिल्प, FMCG और विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े प्रदर्शकों के साथ व्यापारिक बैठकें कीं। इससे भारतीय उत्पादों के लिए निर्यात और वैश्विक बाजारों तक पहुंच के नए अवसर सामने आए।
इन क्षेत्रों की क्षमताओं का हुआ प्रदर्शन
भारतीय व्यापार महोत्सव में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, FMCG, ऑर्गेनिक उत्पाद, वस्त्र एवं परिधान, हस्तशिल्प, चमड़ा एवं फुटवियर, स्वास्थ्य सेवाएं एवं फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, अक्षय ऊर्जा, निर्माण सामग्री, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल समाधान, रिटेल, ई-कॉमर्स, पर्यटन, आतिथ्य और MSME विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों की भारतीय क्षमताओं को प्रदर्शित किया गया।
BISE बना स्टार्टअप और निवेश का प्रमुख मंच
महोत्सव में CAIT की नई पहल “भारत इनोवेशन एंड स्टार्टअप एक्सचेंज (BISE)” भी प्रमुख आकर्षण रही। इसके अंतर्गत 150 से अधिक स्टार्टअप पिच सत्र, 8 पैनल चर्चाएं और 35 प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की भागीदारी हुई।
इसके अलावा औसतन ₹500 करोड़ की निवेश क्षमता वाले 50 से अधिक निवेशकों ने हिस्सा लिया। इस पहल ने स्टार्टअप्स, निवेशकों और नवाचार से जुड़े उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया।
ज्ञानवर्धक सत्रों और कंट्री डायलॉग्स का आयोजन
BVM 2026 के दौरान 18 ज्ञानवर्धक सत्र, 2 कंट्री डायलॉग्स और 36 आई-टॉक्स सत्र आयोजित किए गए। इनमें व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश, निर्यात और आर्थिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
इसके साथ ही 150 से अधिक प्रवासी भारतीयों (NRIs) की भागीदारी ने भारतीय प्रवासी समुदाय और देश के व्यापार जगत के बीच संबंधों को और मजबूत किया।
व्यापार के साथ सामाजिक समावेशन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर जोर
खंडेलवाल ने कहा कि आइडियाज़ फॉर एबिलिटी एक्सपो, PIOCCI और रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 जैसे संगठनों के सहयोग से भारतीय व्यापार महोत्सव ने व्यापार, नवाचार, सामाजिक समावेशन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को एक ही मंच पर सफलतापूर्वक एकीकृत किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 की सफलता ने भारतीय उद्यमों की बढ़ती शक्ति, प्रतिस्पर्धात्मकता और वैश्विक महत्वाकांक्षाओं को प्रदर्शित किया है। यह आयोजन भारतीय व्यवसायों को स्थानीय बाजारों से वैश्विक अवसरों तक पहुंचाने के लिए एक सशक्त राष्ट्रीय मंच के रूप में सामने आया है।
खंडेलवाल के अनुसार, इस तरह के आयोजन भारत को अग्रणी आर्थिक शक्ति और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।