लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, सात श्रद्धालुओं की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Bihar News (17 August 2026): बिहार के लखीसराय जिले में सावन के तीसरे सोमवार को अशोक धाम मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के बाहर अचानक भगदड़ मचने से कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। हादसे में जान गंवाने वाली श्रद्धालुओं में कई महिलाएं शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना अशोक धाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई। सावन के तीसरे सोमवार के कारण सुबह से ही मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। इसी दौरान बिजली का पोल और तार गिरने की बात सामने आई और भीड़ में यह अफवाह फैल गई कि रास्ते में करंट फैल गया है। अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अचानक डर और अफरा-तफरी मच गई। लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे और इसी दौरान भीड़ के दबाव में कई लोग जमीन पर गिर पड़े तथा एक-दूसरे के नीचे दब गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। भीड़ में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हादसे में घायल सात महिलाओं की भी जानकारी सामने आई है, जिनमें लक्ष्मीपुर की मौसम कुमारी, विद्यापीठ चौक की मुस्कान कुमारी, चननिया की ममता देवी, मोकामा की विमला देवी, बभंगामा की रीना कुमारी, फरीदाबाद की शिवानी कुमारी और बाढ़ की कबीला देवी शामिल हैं।

हादसे में जान गंवाने वालों में बड़हिया की मधुबाला देवी और मनमाला देवी, मुंगेर के सफिया सराय की रिंकू देवी तथा लखीसराय के प्रतापपुर हलसी की हेमलता देवी के नाम प्रशासन की ओर से बताए गए हैं। अधिकारियों की ओर से मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। राहत कार्यों के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

लखीसराय के विधायक एवं मंत्री विजय सिन्हा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सुबह करीब पांच बजे तक स्थिति सामान्य थी और मंदिर क्षेत्र में उत्साह का माहौल था। उन्होंने बताया कि घटना मंदिर परिसर के बाहर हुई और करंट की अफवाह के कारण भगदड़ मचने की जानकारी सामने आई है। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अचानक भीड़ बढ़ने और बिजली के तार में करंट आने की अफवाह के कारण यह घटना हुई। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अशोक धाम की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से उनका मन व्यथित है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। अशोक धाम मंदिर को श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से भी जाना जाता है और सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इस हादसे ने मंदिर और आसपास की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।