सैदुलाजाब बिल्डिंग हादसा: 6 मौतों के मामले में चार्जशीट दाखिल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (16 अगस्त 2026): दिल्ली के सैदुलाजाब में 30 मई को हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे के मामले में दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि 12 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मकान मालिक समेत तीन लोगों को आरोपी बनाया है। मामले की अगली सुनवाई 22 अगस्त को होगी।
महरौली थाना क्षेत्र के सैदुलाजाब गांव में हुए हादसे की जांच के बाद पुलिस ने 14 अगस्त को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। पुलिस ने मकान मालिक करमवीर सिंह और बिल्डर मनीष खत्री व अविनाश को आरोपी बनाया है। तीनों पर गैरइरादतन हत्या, निर्माण या मरम्मत के दौरान लापरवाही, लोगों की जान और सुरक्षा को खतरे में डालने और गंभीर चोट पहुंचाने से जुड़ी BNS की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
जांच के मुताबिक करीब 400 वर्ग गज में बनी लगभग 15 साल पुरानी चार मंजिला व्यावसायिक इमारत पहले से कमजोर थी। परिचितों ने मकान मालिक को इमारत गिराकर नए सिरे से निर्माण कराने की सलाह दी थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके बजाय पुरानी इमारत के ऊपर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण शुरू कर दिया गया।
दो मंजिलें बनने के बाद तीसरी मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान कमजोर नींव अतिरिक्त भार नहीं सह सकी और 30 मई को पूरी इमारत भरभराकर ढह गई। हादसे में छह लोगों की मौत हुई, जिनमें चार विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट भी शामिल थे, जबकि 12 लोग घायल हुए।
चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी। साकेत कोर्ट में 22 अगस्त को मामले की अगली सुनवाई होगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।