IBA की तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जज्बा, 300 से अधिक उद्यमी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/08/2026): स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को आगे बढ़ाते हुए निकाली गई इस यात्रा में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े 300 से अधिक उद्यमियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, स्टाफ सदस्यों, मीडिया प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का माहौल देखने को मिला।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने राष्ट्रध्वज दिखाकर किया। यात्रा जेके इंडस्ट्रीज, प्लॉट नंबर-376, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 से शुरू हुई और औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए घंटा चौक, सूरजपुर तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” और “वीर शहीद अमर रहें” जैसे नारों की गूंज सुनाई देती रही। प्रतिभागियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों की आस्था, आत्मसम्मान, गौरव और बलिदान की पहचान है। उन्होंने कहा कि जब भी राष्ट्र की एकता, अखंडता अथवा सम्मान के सामने कोई चुनौती आती है, पूरा देश एकजुट होकर उसका सामना करता है। उन्होंने देश की मजबूती और एकता का संदेश देते हुए कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता में एकता और मजबूत राष्ट्रीय भावना से है।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। यह दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और आत्मसम्मान का अवसर है। उन्होंने सभी देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों, प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि तिरंगा भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों द्वारा आयोजित यह यात्रा इस बात को दर्शाती है कि उद्योग जगत देश की आर्थिक प्रगति के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रव्यापी उत्सव बन चुका है।

जेके इंडस्ट्रीज परिवार का विशेष योगदान

IBA की ओर से यात्रा के शुभारंभ स्थल पर बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए उपाध्यक्ष नरेश चौहान और जेके इंडस्ट्रीज परिवार का विशेष आभार व्यक्त किया गया। जेके इंडस्ट्रीज परिसर में प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम में शामिल लोगों में उत्साह देखने को मिला।

IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने नरेश चौहान की सराहना करते हुए उन्हें सफल उद्यमी के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशील और सहयोगी व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि उद्योग और समाज के हित में उनका योगदान तथा सेवा भावना अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी है।

पुलिस प्रशासन और मीडिया का रहा सहयोग

तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। IBA की ओर से एसीपी-3 सेंट्रल राजू कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी इकोटेक-3 रणजीत सिंह, उद्योग विहार चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार सहित पुलिस बल के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया। यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही, जिसके चलते कार्यक्रम निर्धारित मार्ग पर सुचारू रूप से संपन्न हुआ। IBA ने कार्यक्रम के कवरेज में सहयोग देने वाले मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति भी आभार जताया।

IBA पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, कार्यकारी सदस्य हर्ष तोमर, संजय पांचाल, ललित सिंघल सहित 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी, श्रमिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। IBA की यह तिरंगा यात्रा औद्योगिक क्षेत्र में देशभक्ति, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रीय चेतना का संदेश देने वाला आयोजन साबित हुई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।