Bharat Tex 2025: ग्रेटर नोएडा में विश्व के सबसे बड़े टेक्सटाइल एक्सपो का भव्य आगाज

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (12 फरवरी 2025): केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह (Union Textile Minister Giriraj Singh) ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट (India Expo Mart) में विश्व के सबसे बड़े टेक्सटाइल शो भारत टेक्स 2025 (Bharat Tex 2025) का भव्य शुभारंभ किया। 12 से 15 फरवरी तक चलने वाले इस मेगा इवेंट में हैंडीक्राफ्ट, गारमेंट्स, हस्तनिर्मित मशीनों और टेक्सटाइल उद्योग की नवीनतम तकनीकों का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। इस आयोजन में 110 से अधिक देशों से 6,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे भारतीय वस्त्र उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

भारत में वस्त्र उद्योग: सबसे बड़ा रोजगार प्रदाता

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत में वस्त्र उद्योग सबसे बड़ा रोजगार सृजनकर्ता क्षेत्र है, जो सहायक क्षेत्रों के लिए भी व्यापक नौकरियों और अवसरों का निर्माण करता है। सरकार इस एक्सपो के जरिए छोटे और बड़े व्यापारियों को बढ़ावा देने की पहल कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2030 तक भारत का कपड़ा उद्योग 350 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे 3.5 करोड़ नई नौकरियां सृजित होंगी।

वैश्विक प्रतिस्पर्धा और भारत की स्थिति

भारत विश्व स्तर पर कपास और जूट वस्त्रों के उत्पादन में अपनी महत्वपूर्ण क्षमता के लिए प्रसिद्ध है। हालांकि, भारतीय वस्त्र उद्योग को चीन, बांग्लादेश, पाकिस्तान और वियतनाम जैसे देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत टेक्स 2025 का आयोजन किया गया है, ताकि देश के वस्त्र उद्योग को वैश्विक मंच पर मजबूत किया जा सके और निर्यात को बढ़ावा मिले।

भारत टेक्स 2025: व्यापारियों के लिए एक सुनहरा अवसर

यह आयोजन भारत मंडपम, नई दिल्ली और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में हो रहा है। इस वैश्विक टेक्सटाइल एक्सपो में 5,000 से अधिक प्रदर्शकों और 1.2 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य भारत के कपड़ा उद्योग की विविधता, पैमाने और क्षमता को प्रदर्शित करना है।

उद्घाटन समारोह में प्रमुख हस्तियां शामिल

ग्लोबल टेक्सटाइल एक्सपो 2025 के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ राज्यमंत्री पी मार्गेरिटा, गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा और टेक्सटाइल मंत्रालय से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस भव्य आयोजन से भारतीय वस्त्र उद्योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।।

 

Inauguration of Bharat Tex 2025 | Giriraj Singh | India Expo Mart | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।