होर्मुज संकट से समुद्री पर्यावरण पर मंडराया खतरा, जैव विविधता पर भी संकट
टेन न्यूज़ नेटवर्क
National News (13 August 2026): पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब तेल, गैस और वैश्विक व्यापार के साथ-साथ समुद्री पर्यावरण पर भी दिखाई देने लगा है। होर्मुज जलमार्ग की नाकेबंदी और यहां बढ़ते तनाव के कारण बड़ी संख्या में वाणिज्यिक जहाज प्रभावित हुए हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक जहाजों के एक ही क्षेत्र में खड़े रहने और उनके मार्ग बदलने से समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर नुकसान हो सकता है।
एक अध्ययन के मुताबिक, बीती फरवरी से फारस की खाड़ी में डेढ़ हजार से अधिक वाणिज्यिक जहाज खड़े हैं। लंबे समय तक एक स्थान पर जहाजों के रुके रहने से समुद्री जीवों और वनस्पतियों पर असर पड़ने की आशंका है। वहीं, जब ये जहाज अलग-अलग बंदरगाहों की ओर रवाना होंगे तो इनके साथ समुद्री जीव और बाहरी प्रजातियां नए क्षेत्रों में पहुंच सकती हैं। इससे स्थानीय जैव-विविधता और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के लिए नया खतरा पैदा हो सकता है।
वहीं अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर चल रही बातचीत भी अब तक निर्णायक नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। संघर्ष विराम के बावजूद दोनों देशों के बीच तनाव और बयानबाजी जारी है। ईरान ने होर्मुज जलमार्ग को फिर से बंद कर दिया है, जिसके जवाब में अमेरिका ने क्षेत्र में नौसैनिक नाकेबंदी बढ़ा दी है। ईरान की मांग है कि नाकेबंदी हटाई जाए, युद्ध से हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए और आर्थिक प्रतिबंध समाप्त किए जाएं।
होर्मुज जलमार्ग में लंबे समय तक जारी गतिरोध का असर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर भी पड़ सकता है। इसके साथ ही समुद्री जीव-जंतु, मत्स्य संसाधन, तटीय पारिस्थितिकी और जलीय कृषि भी प्रभावित हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तेल या अन्य खतरनाक सामग्री ले जाने वाले जहाजों के साथ दुर्घटना होती है तो समुद्र में प्रदूषण फैलने से बड़े पैमाने पर पर्यावरणीय नुकसान हो सकता है।
ऐसे में अमेरिका और ईरान के लिए शांति वार्ता का महत्व और बढ़ जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक संघर्ष का समाधान केवल युद्ध और आर्थिक प्रतिबंधों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समुद्री पर्यावरण और वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था की सुरक्षा को भी ध्यान में रखना होगा। होर्मुज जलमार्ग में तनाव जितना लंबा चलेगा, समुद्री पारिस्थितिकी और तटीय क्षेत्रों पर खतरा उतना ही बढ़ सकता है। इसलिए दोनों देशों के लिए जल्द से जल्द कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।