DM के साथ IBA की सकारात्मक बैठक, औद्योगिक समस्याओं के स्थायी समाधान पर बनी सहमति
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (13/08/2026): गौतमबुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से बनी हुई विभिन्न समस्याओं के समाधान और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मेधा रूपम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव, ड्रेनेज, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर एवं आधुनिक स्वरूप देने संबंधी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में IBA प्रतिनिधिमंडल ने यूपीसीडा साइट-5 तथा साइट-बी/सी में लंबे समय से चली आ रही जलभराव, खराब ड्रेनेज व्यवस्था और सफाई से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से जिलाधिकारी के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन समस्याओं के कारण औद्योगिक इकाइयों, कर्मचारियों और आवागमन करने वाले लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उद्यमियों ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं के स्थायी समाधान तक उनकी प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। इसके लिए यूपीसीडा के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा किए जाने का भी आश्वासन दिया गया।
उद्योग केंद्र-2 को मॉडल औद्योगिक क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव
बैठक में IBA की ओर से उद्योग केंद्र-2, ईकोटेक-3 को एक “विश्वस्तरीय मॉडल गेटेड आदर्श औद्योगिक क्षेत्र” के रूप में विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव में औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, सड़क, ड्रेनेज, हरित क्षेत्र और व्यवस्थित प्रबंधन सहित विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने IBA के इस प्रस्ताव की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक एवं उपयोगी पहल बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस दिशा में जल्द ही एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी। समिति में जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरणों तथा IBA के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। समिति द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और उनकी प्रगति की रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।
IBA के अनुसार, यदि यह मॉडल सफल रहता है तो भविष्य में इसे गौतम बुद्ध नगर के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है। इससे जिले के औद्योगिक क्षेत्रों को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने में मदद मिलेगी।

एक ही स्तर पर समस्याओं के समाधान पर जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर की पहचान उद्योग और उद्यमियों के साथ जुड़ी हुई है। इसलिए उद्यमियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिस समस्या का संबंध जिस प्राधिकरण या विभाग से है, उसके समाधान के लिए संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ उसी स्तर पर बैठक कर समस्याओं का समाधान कराया जाए, ताकि उद्यमियों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम खोलने पर जताया आभार
बैठक के दौरान IBA प्रतिनिधिमंडल ने शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन के लिए उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को बेहद नाममात्र वार्षिक शुल्क पर अभ्यास की सुविधा प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि जिलाधिकारी मेधा रूपम का उद्योगों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली और समस्याओं के समाधान के लिए अपनाया जा रहा समन्वयात्मक रवैया उद्यमियों के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और उद्योग जगत के बीच लगातार संवाद बना रहने से औद्योगिक समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और औद्योगिक संगठनों के बीच इसी तरह सहयोग और समन्वय जारी रहा तो गौतमबुद्ध नगर को देश के अग्रणी और आदर्श औद्योगिक जिलों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की जा सकती है। बैठक में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, युवा कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर तथा वरिष्ठ सदस्य चंचल कुमार मौजूद रहे। IBA, गौतमबुद्ध नगर ने जिलाधिकारी द्वारा उद्योग हित में दिए गए सकारात्मक आश्वासन, समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए निर्देशों तथा औद्योगिक विकास को लेकर दिखाई गई प्रतिबद्धता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।