सोर्सिंग एट मैजिक 2026, लास वेगास में EPCH ने भारत के हस्तनिर्मित फैशन एवं लाइफस्टाइल उत्पादों को किया प्रदर्शित

दिल्ली/एनसीआर, 11 अगस्त 2026: अमेरिका के लास वेगास में “सोर्सिंग एट मैजिक 2026” का शुभारंभ हुआ, जो 12 अगस्त 2026 आयोजित होगा । हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच), भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय के सहयोग से, सोर्सिंग एट मैजिक 2026 में भारत के हस्तनिर्मित फैशन, लाइफस्टाइल और एक्सेसरीज उत्पादों की विविध श्रृंखला प्रदर्शित कर रही | है।

इंडिया पवेलियन का उद्घाटन कुलवंत सिंह, कौंसल–एचओसी एवं कम्युनिटी अफेयर्स, भारत के महावाणिज्य दूतावास, लॉस एंजिल्स, अमेरिका द्वारा किया गया । इस अवसर पर डॉ. ए. शक्तिवेल, अध्यक्ष-एईपीसी; संजीव कुमार शर्मा, कार्यकारी निदेशक, आईएसईपीसी; इनफॉर्मा के अधिकारी; भाग लेने वाले सदस्य प्रदर्शक और व्यापार आगंतुक लास वेगास कन्वेंशन सेंटर, लास वेगास भी उपस्थित रहे ।

कुलवंत सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ ईपीसीएच इंडिया पवेलियन का दौरा किया और भाग लेने वाले निर्यातकों एवं मास्टर शिल्पकारों से बातचीत की । उन्होंने प्रदर्शित भारतीय उत्पादों की विविधता के साथ-साथ भारत की समृद्ध शिल्प परंपराओं और कौशल को प्रस्तुत करने वाले लाइव प्रदर्शनों की सराहना की ।

डॉ. नीरज खन्ना, अध्यक्ष, ईपीसीएच ने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका भारतीय हस्तशिल्प, लाइफस्टाइल और फैशन एक्सेसरीज के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है । सोर्सिंग एट मैजिक में हमारी भागीदारी भारतीय निर्यातकों और कारीगरों को वैश्विक खरीदारों, रिटेलर्स और सोर्सिंग प्रोफेशनल्स के समक्ष भारत के विविध उत्पादों, शिल्प कौशल, सस्टेनेबिलिटी और डिजाइन क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करती है ।”

डॉ. खन्ना ने आगे कहा, “वैश्विक फैशन और लाइफस्टाइल उद्योग में ऐसे उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिनमें आधुनिक डिजाइन के साथ प्रामाणिकता, शिल्प कौशल, जिम्मेदार उत्पादन और उत्पाद की विशिष्ट पहचान जुड़ी हो । इस क्षेत्र में भारत को स्वाभाविक बढ़त हासिल है । सोर्सिंग एट मैजिक जैसे मंचों के माध्यम से हमारा प्रयास भारत को एक विश्वसनीय सोर्सिंग गंतव्य के रूप में और मजबूत करना तथा देश के विभिन्न शिल्प क्लस्टरों के निर्यातकों, एमएसएमई और कारीगरों के लिए निरंतर व्यावसायिक अवसर सृजित करना है।”

राजेश रावत, कार्यकारी निदेशक, ईपीसीएच ने कहा, “सोर्सिंग एट मैजिक अमेरिका और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों के खरीदारों, सोर्सिंग प्रोफेशनल्स, ब्रांड्स और रिटेलर्स को एक मंच पर लाता है । ईपीसीएच की भागीदारी का उद्देश्य इस वैश्विक अवसर को हमारे सदस्य निर्यातकों के लिए सार्थक व्यावसायिक संपर्कों में बदलना है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के समक्ष भारतीय कारीगरों के कौशल एवं शिल्पकारी को प्रस्तुत करना है ।”

रावत ने आगे कहा, “इस संस्करण में ईपीसीएच के 6 सदस्य निर्यातक भाग ले रहे हैं और हस्तनिर्मित परिधान, लेदर बैग एवं एक्सेसरीज, लेदर बेल्ट, वॉलेट, लेदर गारमेंट्स एवं जैकेट, रिसाइकिल्ड गारमेंट्स तथा अन्य फैशन और लाइफस्टाइल उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं । भारतीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए ईपीसीएच ने एक विशेष थीमैटिक डिस्प्ले भी स्थापित किया है, जहां मास्टर शिल्पकारों/कारीगरों द्वारा पारंपरिक भारतीय शिल्पों का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है । भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय द्वारा कच्छ, गुजरात से अजरख हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग; जयपुर, राजस्थान से मिनिएचर पेंटिंग और पंजाब से फुलकारी शिल्प के मास्टर शिल्पकारों/कारीगरों को प्रतिनियुक्त किया गया है।”


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।