हर्ष मल्होत्रा का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोले- ‘अराजकता और झूठ के पोस्टर बॉय बन गए हैं’
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (11 अगस्त 2026): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने, युवाओं के आंदोलनों को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने और मुद्दों पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि राहुल गांधी का “दोहरा और अराजक चेहरा” अब देश के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने राहुल गांधी और पूरे विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि युवा आंदोलन से लेकर देश के हर महत्वपूर्ण विषय पर संसद में चर्चा होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष चर्चा से भागे नहीं और संसद को बाधित न करे।
‘राहुल गांधी अराजकता, झूठ और दोगलेपन के पोस्टर बॉय’
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने दिल्ली के जंतर-मंतर से युवाओं को अपना “राजनीतिक हथियार” बनाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद झारखंड में कांग्रेस की भागीदारी वाली सरकार द्वारा छात्र आंदोलन के कथित दमन ने राहुल गांधी और कांग्रेस के “दोगलेपन” को उजागर कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी आज “अराजकता, झूठ और दोगलेपन के पोस्टर बॉय” बन गए हैं।
जंतर-मंतर आंदोलन का भी किया जिक्र
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ दिन पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन में कुछ “अपराधिक और राष्ट्रविरोधी तत्वों” के घुसने और हिंसा का प्रयास करने का आरोप सामने आया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद संसद में प्रवेश की कोशिश जैसे घटनाक्रमों के बीच राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर जाकर बैठ गए और छात्रों के आंदोलन के कथित दमन तथा उन पर पैलेट गोली चलाने को लेकर “झूठ और भ्रम” फैलाने लगे।
हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि झारखंड में हाल की घटनाओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के दोहरे रवैये को उजागर कर दिया है।
‘राहुल गांधी बताएं, हेमंत सोरेन सरकार कब गिराएंगे?’
हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी से सवाल किया कि वे सामने आकर बताएं कि कांग्रेस के समर्थन वाली हेमंत सोरेन सरकार को कब गिराएंगे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो देश यह माने कि झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई कांग्रेस की स्वीकृति से हुई।
उन्होंने कहा कि संसद देश के मुद्दों पर चर्चा का संवैधानिक मंच है। उनके मुताबिक, जो लोग संविधान की पुस्तक को लेकर घूमते हैं, वही उसकी भावना की अवहेलना करते हुए संसद में चर्चा से बच रहे हैं और सदन की कार्यवाही को बाधित कर रहे हैं।
CJP और NEET मामले को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दिल्ली में बनाए गए CJP मंच का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि “NEET परीक्षा पत्र लीक” के मुद्दे की आड़ में युवाओं को भड़काने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हिंसा भड़काने का प्रयास किया गया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए दो वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों को छात्र नेताओं से बातचीत के लिए लगाया। उन्होंने दावा किया कि छात्रों की मांगों को स्वीकार कर आंदोलन समाप्त कराया गया और संसद में विपक्ष के असहयोग के बावजूद परीक्षा पत्र लीक पर सख्त कार्रवाई से जुड़ा कानून पारित कराया गया।
इसके विपरीत उन्होंने झारखंड सरकार पर छात्रों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को घेरा।
‘विपक्ष चर्चा से भाग रहा है’
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वे प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ-साथ केंद्रीय राज्य मंत्री भी हैं और संसद के दोनों सदनों के सभापति तथा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू लगातार प्रयास कर रहे हैं कि संसद में देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस की “हठधर्मिता” के कारण संसद की कार्यवाही बाधित हो रही है।
उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी चर्चा में भाग लेने को तैयार हैं। इसके बावजूद विपक्ष चर्चा से बच रहा है।
‘2029 राजनीतिक सफाये का साल होगा, माध्यम बनेगा Gen Z’
पत्रकार सम्मेलन के अंत में हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी, कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि जिस “असंसदीय और अराजक राह” पर वे चल रहे हैं, उसका परिणाम उन्हें आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि 2029 विपक्ष के राजनीतिक सफाये का साल होगा और इस राजनीतिक बदलाव का माध्यम Gen Z बनेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।