देशभक्ति के रंग में रंगेगा ग्रेटर नोएडा: 12 अगस्त को ‘देशभक्ति गीत माला’ नृत्य एवं काव्यपाठ कार्यक्रम का भव्य आयोजन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (11/08/2026): स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विशेष सहयोग से टेन न्यूज़ नेटवर्क एवं बागेश्री संगीत विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में तथा ‘देशभक्ति गीत माला’, नृत्य एवं काव्य पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम 12 अगस्त 2026, बुधवार को शाम 5 बजे से 7 बजे तक अल्फा-1 मेट्रो स्टेशन, कमर्शियल बेल्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य देशभक्ति गीतों, संगीत, काव्य एवं नृत्य के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं एवं बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा देश के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम की समन्वयक एवं टेन न्यूज़ नेटवर्क की वरिष्ठ संवाददाता मेघा राजपूत ने बताया कि ‘देशभक्ति गीत माला’ देश के प्रति समर्पित सुर, शब्द एवं नृत्य की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति है। इस कार्यक्रम की परिकल्पना टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक एवं पूर्व अनुसंधान अधिकारी गजानन माली की प्रेरणा से की गई है।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस आयोजन के माध्यम से देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों के साथ कवयित्री अना देहलवी, कवि मुकेश कुमार शर्मा तथा ‘लपेटे में नेताजी’ फेम कवि गौरव चौहान अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे।
इसके अतिरिक्त गजानन माली एवं साथी कलाकार देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। वहीं, बागेश्री कला, संगीत एवं नृत्य संस्थान के निदेशक प्रभाकर देशमुख के निर्देशन में देशभक्ति गीतमाला एवं नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी जिसमे ग्रेटर नोएडा के 30-35 उभरते कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे । कार्यक्रम में संगीत की प्रस्तुति को और अधिक भव्य बनाने के लिए नई दिल्ली का प्रसिद्ध गन्धर्व बैंड भी अपनी प्रस्तुति देगा।
कार्यक्रम की समन्वयक मेघा राजपूत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के प्रति अपने प्रेम, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को स्मरण करने का अवसर है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपरा एवं देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बच्चों एवं युवाओं को ऐसे आयोजनों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उनके भीतर देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव एवं राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके।
टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली ने भी क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा, “आइए, इस स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के गीतों, कविताओं और नृत्य के साथ मिलकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करें और इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनें।”
कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों, उद्यमियों एवं शिक्षाविदों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
जय हिंद 🇮🇳 | वंदे मातरम् 🇮🇳
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।