ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां तेज, प्रमुख सचिव ने अफसरों को किया अलर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (10/08/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार शशि भूषण लाल सुशील ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी करने और आयोजन को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्रमुख सचिव के समक्ष रखी गई। उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प क्षमता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से एमएसएमई, ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा औद्योगिक उत्पादों को नए बाजार और खरीदार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

यातायात और पार्किंग पर विशेष फोकस

प्रमुख सचिव ने आयोजन के दौरान यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा और साइनेज जैसी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को चिन्हित कर पहले से कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

आयोजन स्थल तक आगंतुकों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों, शटल और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए, ताकि ट्रेड शो के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

देश-विदेश के खरीदारों और निवेशकों तक पहुंचे आयोजन की जानकारी

प्रमुख सचिव ने ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समेत अन्य माध्यमों से आयोजन का व्यापक प्रचार किया जाए। देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों से आने वाले संभावित खरीदारों, निवेशकों और निर्यातकों को भी आयोजन से जोड़ने के लिए लक्षित प्रचार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा आसपास के जनपदों के औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए और शैक्षणिक संस्थानों को भी ट्रेड शो से जोड़ने पर जोर दिया गया।

सिर्फ प्रदर्शनी नहीं, बिजनेस कनेक्ट और निवेश पर जोर

प्रमुख सचिव ने कहा कि ट्रेड शो का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि व्यवसायिक समझौतों, निवेश, निर्यात के अवसरों और नए बाजारों तक पहुंच जैसे ठोस परिणाम हासिल करना होना चाहिए। उन्होंने प्रदर्शकों और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ संभावित खरीदारों एवं निवेशकों से प्रभावी बिजनेस कनेक्ट कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने वर्चुअल रूप से प्रतिभाग करते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कराने का आश्वासन दिया। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सीओ इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।