पंजाब को मॉडल राज्य बनाने का संकल्प: केजरीवाल के साथ बैठक के बाद बोले सीएम मान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (11 फरवरी 2025): दिल्ली में AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के विधायकों की बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब को एक मॉडल राज्य बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने बताया कि दिल्ली चुनावों में आम आदमी पार्टी के पंजाब के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत से योगदान दिया, जिसके लिए राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उनका आभार व्यक्त किया। भगवंत मान ने कहा, “हमारी सरकार पंजाब में जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। चाहे बिजली हो, शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो या किसानों के मुद्दे हर क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमें इस गति को और तेज करना है ताकि पंजाब पूरे देश के लिए एक मिसाल बने।”

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी केवल विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा, “हम धर्म या गुंडागर्दी की राजनीति नहीं करते, बल्कि अपने काम के दम पर जनता का विश्वास जीतते हैं।” बैठक में दिल्ली और पंजाब की टीमों ने मिलकर पंजाब को आदर्श राज्य बनाने की दिशा में कदम उठाने का निर्णय लिया। भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली सरकार के अनुभवों से सीख लेते हुए पंजाब में भी नवाचार और बेहतर प्रशासन के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी।

“हम पंजाब को एक ऐसा राज्य बनाएंगे जो पूरे देश के लिए प्रेरणा बने। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों की भलाई के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं और करते रहेंगे।” इस बैठक में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पंजाब के सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक भी मौजूद थे। बैठक का उद्देश्य पंजाब के विकास के लिए दिल्ली की सफल नीतियों को अपनाने और नई योजनाओं पर विचार करना था।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।