थाई मंत्री के दौरे से IHE 2026 के तीसरे दिन बढ़ी वैश्विक प्रतिष्ठा, बारिश के बावजूद उमड़ा हॉस्पिटैलिटी उद्योग का सैलाब
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07/08/2026): इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित 9वें इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE 2026) के तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय सहयोग, उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी और नवाचार का शानदार संगम देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश भी हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के उत्साह को कम नहीं कर सकी। होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, रिसॉर्ट, इंटीरियर डिजाइन, आर्किटेक्चर, फूड सर्विस, बेकरी और हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी से जुड़े हजारों पेशेवरों ने प्रदर्शनी में पहुंचकर इसे सफल बनाया।
तीसरे दिन का सबसे बड़ा आकर्षण थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय से संबद्ध मंत्री एच.ई. नेपिनटॉर्न श्रीसुनपांग (H.E. Napintorn Srisunpang) का अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक्सपो में आगमन रहा। उनके स्वागत के लिए इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड (IEML) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने पारंपरिक भारतीय आतिथ्य के साथ थाई प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया तथा उन्हें प्रदर्शनी का विस्तृत भ्रमण कराया। प्रतिनिधिमंडल ने हॉस्पिटैलिटी, डिजाइन, फूड सर्विस, होटल टेक्नोलॉजी और नवाचार से जुड़े विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा भारतीय उद्योग की क्षमता और तेजी से बढ़ते बाजार की सराहना की।
IHE 2026 के तीसरे दिन आयोजित कार्यक्रमों में IIID ट्रेड कनेक्ट 2026, हॉस्पिटैलिटी डिजाइन सिम्पोजियम, मास्टर बेकर्स चैलेंज इंडिया 2026 और कई प्रतिष्ठित क्यूलिनरी मास्टरक्लास विशेष आकर्षण का केंद्र बने। इन आयोजनों ने उद्योग विशेषज्ञों, डिजाइनरों, निर्माताओं और हॉस्पिटैलिटी कारोबार से जुड़े निर्णयकर्ताओं को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां नए विचारों, व्यावसायिक अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा हुई।
हॉस्पिटैलिटी डिजाइन सिम्पोजियम में “ब्रिजिंग द गैप” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में डिजाइन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और ग्राहकों के बदलते अनुभवों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस सत्र में बाथलाइन के विनय गुप्ता, ग्रीनियम के राकेश चौहान, किच के भरत हापानी, फेनेस्टा के रोहित मेहता, एक्सप्रेशनिस्ट बाय तेजबीर के संस्थापक आर्किटेक्ट तेजबीर सिंह तथा वियांका इंटीरियर्स की प्रियंका सेठ सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए।

इस अवसर पर IIID के चेयरमैन हेमंत सूद ने कहा कि आज हॉस्पिटैलिटी डिजाइन केवल आकर्षक इंटीरियर तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह मेहमानों के अनुभव, तकनीकी आवश्यकताओं और व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाने वाला समग्र समाधान बन चुका है। उन्होंने कहा कि IHE जैसा मंच डिजाइन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के बीच सहयोग को नई दिशा देता है।
वहीं मास्टर बेकर्स चैलेंज इंडिया 2026 के तीसरे संस्करण में देशभर से आए पेशेवर बेकर्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगियों ने फुगास, बैगेट, ब्रुशेटा, क्विच, पिज्जा और फ्रीस्टाइल स्वीट क्रैनबेरी पिज्जा जैसी कई श्रेणियों में अपनी रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता ने भारत के तेजी से विकसित हो रहे बेकरी और फूड सर्विस सेक्टर की नई संभावनाओं को भी उजागर किया।
दिनभर आयोजित क्यूलिनरी मास्टरक्लास में प्रसिद्ध शेफ वैभव कौशिक, भरत अलाघ और नंद लाल ने आधुनिक पाक कला, नई तकनीकों और व्यावहारिक अनुभवों को प्रतिभागियों के साथ साझा किया। बड़ी संख्या में मौजूद शेफ, होटल प्रोफेशनल और फूड प्रेमियों ने इन सत्रों में भाग लेकर नई जानकारी हासिल की।

हैमर के एडिटर एवं पब्लिशर रजत तनेजा ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी उद्योग तेजी से बदल रहा है और IHE जैसे आयोजन पूरे उद्योग जगत को एक मंच पर लाकर व्यापार, नवाचार और साझेदारी के नए अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधियों की मौजूदगी इस आयोजन की बढ़ती विश्वसनीयता और महत्व को दर्शाती है।
इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीओओ बरुण गुप्ता ने कहा कि बदलती ग्राहक अपेक्षाओं, नई तकनीकों, डिजाइन और संचालन संबंधी आवश्यकताओं को समझने के लिए ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बावजूद उद्योग जगत की शानदार भागीदारी यह साबित करती है कि IHE व्यवसायिक सहयोग और नए समाधान तलाशने का सबसे प्रभावी मंच बन चुका है।
प्रदर्शनी परिसर में पूरे दिन होटल समूहों, रेस्टोरेंट चेन, कैफे, रिसॉर्ट्स, संस्थागत खरीदारों, डिजाइनरों और प्रोक्योरमेंट विशेषज्ञों के बीच बिजनेस मीटिंग्स का दौर चलता रहा। हॉस्पिटैलिटी इंटीरियर, होटल सप्लाई, किचन इक्विपमेंट, बेकरी मशीनरी, फूड सर्विस टेक्नोलॉजी और आधुनिक समाधान प्रस्तुत करने वाले स्टॉलों पर खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।

तीन दिनों के दौरान मिले जबरदस्त समर्थन, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता, ज्ञानवर्धक सत्रों, व्यावसायिक नेटवर्किंग और नवाचारों के प्रदर्शन के साथ IHE 2026 ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यह भारत के हॉस्पिटैलिटी उद्योग का सबसे बड़ा और प्रभावशाली वार्षिक मंच बन चुका है, जहां भविष्य की साझेदारियां, नई तकनीकें और उद्योग की दिशा तय करने वाले विचार एक साथ आकार लेते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।