भारत में बैन हुआ अरविंद केजरीवाल का Meta अकाउंट, कंपनी से मांगा जवाब
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (06 August 2026): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा (Meta) और मेटा इंडिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केजरीवाल का दावा है कि उनका मेटा अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है और देश के भीतर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर मेटा से पूछा कि आखिर उनके अकाउंट पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया और इसकी जानकारी उन्हें अब तक क्यों नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि भारत स्थित मेटा कार्यालय से मौखिक पूछताछ के बावजूद कोई अधिकारी प्रतिबंध का कारण बताने या उसे हटाने की प्रक्रिया समझाने को तैयार नहीं है।

केजरीवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि मेटा को भेजे गए सभी ईमेल का जवाब केवल औपचारिक प्राप्ति संदेश तक सीमित रहा, लेकिन किसी भी ईमेल में वास्तविक कारण या समाधान नहीं बताया गया। उन्होंने मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे “बेहद खराब सेवा” करार दिया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को उपयोगकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई में पारदर्शिता बरतनी चाहिए और स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि अकाउंट पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया है।
अपने पोस्ट में अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि मेटा को प्रधानमंत्री के सामने इतना भी नहीं झुकना चाहिए कि भारत में केवल उनका ही अकाउंट चलाने की अनुमति रह जाए। इससे पहले भी केजरीवाल केंद्र सरकार पर E20 और प्रस्तावित E50 ईंधन नीति को लेकर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि सरकार भविष्य में पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा और बढ़ाने की तैयारी कर रही है, जिससे पेट्रोल और डीजल वाहनों के मालिकों को नुकसान हो सकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में मेटा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वीडियो के भारत में गलती से प्रतिबंधित हो जाने के मामले में माफी मांगी थी। कंपनी ने कहा था कि बड़े स्तर पर चल रही प्रमोशनल गतिविधियों के दौरान तकनीकी कारणों से यह वीडियो अस्थायी रूप से भारत में उपलब्ध नहीं रहा। इस मामले पर केंद्र सरकार ने मेटा से जवाब तलब किया था। वहीं, अरविंद केजरीवाल के अकाउंट पर लगाए गए कथित प्रतिबंध को लेकर फिलहाल मेटा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।