Bharat Tex 2026 बना वैश्विक टेक्सटाइल कारोबार का बड़ा मंच, 138 देशों के खरीदारों ने दिखाई दिलचस्पी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (4 अगस्त 2026): भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) द्वारा वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित भारत टेक्स 2026 ने भारतीय वस्त्र एवं परिधान उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5एफ विजन (फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन टू फॉरेन) पर आधारित इस आयोजन में 138 देशों के 6,090 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भाग लिया, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।

लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने बताया कि 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2026 ने व्यापार, निवेश, नवाचार और स्थिरता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।

1,647 कंपनियों ने किया प्रदर्शन, 29 हजार से अधिक बी2बी बैठकें

भारत टेक्स 2026 में 65,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में 1,647 प्रदर्शक कंपनियों (1,628 भारतीय और 19 अंतरराष्ट्रीय) ने अपने उत्पाद और तकनीकों का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान 29,000 से अधिक संरचित बी2बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) बैठकें आयोजित हुईं, जिनके माध्यम से भारतीय कंपनियों और वैश्विक खरीदारों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत हुए।

इसके अलावा व्यापार, निवेश, तकनीक और स्थिरता से जुड़े 40 से अधिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन और प्रीमियर विजन पेरिस के बीच एक महत्वपूर्ण आशय पत्र (एलओआई) भी शामिल रहा।

कारीगरों, बुनकरों और एमएसएमई को मिला वैश्विक मंच

भारत टेक्स 2026 में क्षेत्रीय बुनकरों, हथकरघा सहकारी समितियों, कारीगर समूहों, एमएसएमई, स्टार्ट-अप और आकांक्षी जिलों के उद्यमियों को भी विशेष अवसर दिए गए। निर्यात संवर्धन परिषदों (ईपीसी) के माध्यम से आयोजित बी2बी बैठकों में इन प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और वैश्विक ब्रांडों से सीधे जुड़ने का अवसर मिला।

आयोजन के साथ आयोजित ‘इंडी हाट’ ने देशभर के बुनकरों और कारीगरों को घरेलू और विदेशी खरीदारों के समक्ष अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, जिससे उनकी बाजार तक पहुंच बढ़ी।

स्थिरता और सर्कुलर इकोनॉमी पर विशेष फोकस

भारत टेक्स 2026 में ‘इको-स्टिच सस्टेनेबिलिटी एंड सर्कुलरिटी हब’ भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग), अपसाइक्लिंग, संसाधन दक्षता, जिम्मेदार उत्पादन, हरित वित्त, जल प्रबंधन, डिजिटल उत्पाद पासपोर्ट और डीकार्बोनाइजेशन जैसे विषयों पर विशेष प्रदर्शन और चर्चा आयोजित की गई।

इसके साथ ही विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय की पहल ‘वीव द फ्यूचर’ के माध्यम से कारीगरों, डिजाइनरों, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया गया। आयोजन के दौरान स्थिरता और सर्कुलर अर्थव्यवस्था से जुड़े 41 विशेष ज्ञान सत्र भी आयोजित किए गए।

छत्तीसगढ़ को मिला विशेष प्रदर्शनी मंडप

भारत टेक्स 2026 में छत्तीसगढ़ राज्य को 100 वर्ग मीटर का विशेष प्रदर्शनी मंडप उपलब्ध कराया गया, जहां राज्य की हथकरघा परंपरा, हस्तशिल्प, वस्त्र उद्योग, औद्योगिक क्षमताओं और निवेश के अवसरों को घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

हर वर्ष बढ़ रही विदेशी खरीदारों की भागीदारी

सरकार के अनुसार भारत टेक्स के तीनों संस्करणों में विदेशी खरीदारों की संख्या लगातार बढ़ी है।

भारत टेक्स 2024: लगभग 3,000 खरीदार, 111 देशों से।

भारत टेक्स 2025: 4,335 खरीदार, 126 देशों से।

भारत टेक्स 2026: 6,090 खरीदार, 138 देशों से।

500 से अधिक नए भारतीय निर्यातक जुड़े

मंत्री ने बताया कि भारत टेक्स 2026 के दौरान 22 नए खरीदार बाजार भारतीय नेटवर्क से जुड़े और 500 से अधिक नए भारतीय निर्यातकों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिली। इससे भारत के वस्त्र एवं परिधान निर्यात को नई गति मिलने की उम्मीद है।

सरकार का मानना है कि भारत टेक्स 2026 ने भारतीय वस्त्र उद्योग को वैश्विक व्यापार, निवेश और निर्यात विस्तार के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करते हुए भारत की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को और सशक्त किया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।