सावन में सफर की प्लानिंग है? जानिए 12 अगस्त तक कहां-कहां रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (30/07/2026): भगवान शिव को समर्पित पवित्र सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से हो रही है। इसी के साथ उत्तर भारत की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में शामिल कांवड़ यात्रा भी पूरे उत्साह के साथ प्रारंभ हो गई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और आसपास के राज्यों के विभिन्न शिवालयों तक पैदल यात्रा करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और कांवड़ मार्ग को निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू कर दी है।

यात्रा के दौरान दिल्ली–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) सहित कई प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। इसके चलते आम यात्रियों को यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों और ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी लेना जरूरी होगा।

आज रात 12 बजे से भारी वाहनों की एंट्री बंद

प्रशासन के निर्देशानुसार 29 जुलाई की मध्यरात्रि 12 बजे से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक दिल्ली–हरिद्वार हाईवे, चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग (गंगनहर पटरी), एनएच-58 तथा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के गाजियाबाद से मेरठ जाने वाले हिस्से पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा मीरापुर (मुजफ्फरनगर) से गंगा बैराज (बिजनौर) को जोड़ने वाले एनएच-709AD मार्ग पर भी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लागू रहेगी।

हल्के वाहनों के लिए भी चरणबद्ध व्यवस्था

30 जुलाई से 4 अगस्त की मध्यरात्रि तक मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार की ओर जाने वाले हल्के एवं मध्यम वाहन एनएच-58 की केवल बाईं लेन से दोनों दिशाओं में संचालित होंगे। वहीं, दूसरी लेन पूरी तरह हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षित रखी जाएगी। इसके बाद 4 अगस्त की रात 12 बजे से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक सख्त हो जाएगी। इस अवधि में एनएच-58 पर मेरठ से हरिद्वार और गाजियाबाद से मेरठ की दिशा में सभी प्रकार के वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान पूरा मार्ग कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

यातायात बाधित होने की स्थिति में प्रशासन ने लंबी दूरी के यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं।

दिल्ली से देहरादून और उत्तराखंड की ओर जाने वाले यात्री दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का उपयोग कर सकते हैं।

दिल्ली से बरेली, लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले वाहन गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

यात्रियों को बढ़ सकती है परेशानी

कांवड़ यात्रा के दौरान लागू होने वाले ट्रैफिक प्रतिबंधों का असर आम लोगों की यात्रा पर भी देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ सकता है। मार्ग बदलने और यात्रा दूरी बढ़ने के कारण बसों और टैक्सियों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ने की संभावना है। ऐसे में टैक्सी किराए में वृद्धि और यात्रा समय बढ़ने जैसी परिस्थितियां सामने आ सकती हैं।

यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट लेना जरूरी

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि यात्रा आवश्यक हो तो पहले ट्रैफिक एडवाइजरी, वैकल्पिक मार्ग और प्रतिबंधित रूट की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इससे समय की बचत होगी और कांवड़ यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से भी बचा जा सकेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करेंगी, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।