नई दिल्ली (10 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुस्तफाबाद सीट से भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट की जीत के बाद उनके बयान चर्चा में हैं। पहले उन्होंने मुस्तफाबाद का नाम बदलने की बात कही थी, और अब उन्होंने सड़क चौड़ीकरण के लिए बुलडोजर चलाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि शिव विहार तिराहे से बृजपुरी तक की सड़क को चौड़ा किया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी, तो अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाएगा।
भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में कहा, शिव विहार तिराहे से बृजपुरी तक सड़क की स्थिति खराब है। इसे चौड़ा करना जरूरी है। जब मैंने करावल नगर रोड को 30-35 फीट से 80-85 फीट तक चौड़ा किया, तो इसे भी कर सकता हूं। जरूरत पड़ी तो बुलडोजर चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों को हटाकर क्षेत्र में बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा।
मोहन सिंह बिष्ट पहले करावल नगर से पांच बार विधायक रह चुके हैं और अब पहली बार मुस्तफाबाद सीट से चुनाव जीते हैं। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान मुस्तफाबाद का नाम बदलने का भी वादा किया था। अब जीत के बाद उन्होंने एक बार फिर कहा कि इस क्षेत्र का नाम “शिवपुरी” या “शिव विहार” किया जाएगा। उनका कहना है कि यह नामकरण क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएगा और लोगों को धार्मिक रूप से जोड़ने का काम करेगा।
मुस्तफाबाद सीट पर इस बार का चुनाव काफी दिलचस्प रहा। यहां 42% मुस्लिम आबादी होने के बावजूद भाजपा ने जीत दर्ज की। आम आदमी पार्टी ने आदिल अहमद खान, कांग्रेस ने अली मेहंदी, और एआईएमआईएम ने दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को उम्मीदवार बनाया था। मुस्लिम वोटों के विभाजन का लाभ भाजपा को मिला और मोहन सिंह बिष्ट 17,000 से अधिक वोटों के अंतर से विजयी हुए।
भाजपा नेता बिष्ट की इन घोषणाओं के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों का कहना है कि यह ध्रुवीकरण की राजनीति है, जबकि भाजपा इसे विकास का एजेंडा बता रही है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि बिष्ट अपने वादों को कैसे पूरा करते हैं और इन फैसलों का मुस्तफाबाद की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।