लाइफ गार्ड की चेतावनी के बावजूद पूल में उतरे विज्ञापन कंपनी के कर्मचारी की मौत
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (27/07/2026): सेक्टर-104 स्थित एटीएस हैमलेट सोसायटी के स्विमिंग पूल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तैराकी के दौरान 40 वर्षीय विज्ञापन कंपनी के कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लाइफ गार्ड, स्थानीय निवासी और एक चिकित्सक ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं। शुरुआती स्तर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना सामने आया।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित आदित्य मेगा सिटी सोसायटी निवासी अभिषेक अपनी बहन से मिलने नोएडा आए हुए थे। उनकी बहन एक मीडिया संस्थान में कार्यरत हैं और सेक्टर-104 की एटीएस हैमलेट सोसायटी में रहती हैं। सुबह करीब सात बजे अभिषेक स्विमिंग पूल में पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूल पर तैनात लाइफ गार्ड ने उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए पानी में उतरने से मना किया था। हालांकि अभिषेक ने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए अपनी स्मार्ट वॉच लाइफ गार्ड को सौंप दी और तैराकी शुरू कर दी। बताया जाता है कि दो लैप पूरे करने के बाद उनका शरीर अचानक असंतुलित हो गया और वह पानी में डूबने लगे।
घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला। लाइफ गार्ड और अन्य लोगों ने लगातार सीपीआर देकर उनकी सांसें लौटाने का प्रयास किया। इसी दौरान सोसायटी के टावर-6 में रहने वाले एक डॉक्टर भी मौके पर पहुंचे और प्राथमिक चिकित्सा दी, लेकिन कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए अग्रिम कार्रवाई का प्रश्न नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिषेक पहले से हृदय और उच्च रक्तचाप संबंधी बीमारी का इलाज करा रहे थे तथा नियमित दवाएं भी ले रहे थे। इसी कारण प्रारंभिक तौर पर लोगों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई थी, लेकिन चिकित्सकीय जांच में मौत का कारण डूबना पाया गया।
चिकित्सकों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को हृदय रोग, उच्च रक्तचाप या अन्य गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या है तो बिना चिकित्सकीय सलाह के स्विमिंग नहीं करनी चाहिए। साथ ही भोजन करने के तुरंत बाद पानी में उतरने से भी बचना चाहिए, क्योंकि ऐसी स्थिति में उल्टी होने पर भोजन श्वास नली में फंस सकता है, जिससे जानलेवा स्थिति उत्पन्न हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लाइफ गार्ड किसी व्यक्ति की शारीरिक स्थिति को लेकर सतर्क करता है, तो उसकी सलाह को गंभीरता से लेना चाहिए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।