संसद मार्च से पहले अभिजीत दीपके ने क्यों खत्म की भूख हड़ताल?

 

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (20/07/2026): संसद मार्च के बीच चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन में सोमवार को नया घटनाक्रम सामने आया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी। संगठन का कहना है कि उन्होंने यह निर्णय सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आग्रह पर लिया। इसी बीच CJP ने दावा किया कि केंद्र सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया है और पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करेगा। हालांकि, सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

संगठन के अनुसार, सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद अभिजीत दीपके ने उनके समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। अब वांगचुक के अनुरोध पर उन्होंने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। CJP का कहना है कि उसका उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का शांतिपूर्ण और सकारात्मक समाधान निकालना है।

इसी क्रम में पार्टी के प्रतिनिधि सौरभ दास और आशुतोष रांका केंद्र सरकार के समक्ष परीक्षा सुधारों सहित अन्य मांगें रखने के लिए रवाना हुए। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार के साथ होने वाली बातचीत से शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।

उधर, संसद मार्च को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। दिल्ली की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा सुरक्षा बैरिकेड पार करने की कोशिश किए जाने की सूचना भी सामने आई है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।