बेटी से मिलने की आस में घर के बाहर बैठी मां, ग्रेटर नोएडा से भावुक मामला
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (20/07/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र स्थित देवटा गांव में एक पारिवारिक विवाद उस समय सार्वजनिक हो गया, जब एक महिला अपनी आठ वर्षीय बेटी से मिलने की मांग को लेकर पति के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। रविवार शाम शुरू हुआ यह धरना देर रात तक जारी रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाने के साथ दोनों पक्षों से बातचीत की, लेकिन महिला बेटी से मुलाकात के बिना वहां से हटने को तैयार नहीं हुई।
महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले करीब छह महीने से बेटी को उससे अलग रखे हुए है और उसे मिलने का कोई अवसर नहीं दे रहा। उसका कहना है कि उसने कई बार बेटी से मिलने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसे रोक दिया गया। महिला का दावा है कि इस बार भी जब वह ससुराल पहुंची तो उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया, जिसके बाद उसने घर के बाहर ही धरना शुरू कर दिया।
महिला के परिजनों के अनुसार, उसकी शादी करीब दस वर्ष पहले देवटा गांव निवासी युवक से हुई थी और दोनों की एक आठ वर्षीय बेटी है। परिवार पहले बेंगलुरु में रह रहा था। आरोप है कि कुछ महीने पहले पति नौकरी का हवाला देकर बच्ची को अपने साथ ले आया और तब से उसे मां से दूर रखा जा रहा है। महिला जब बेटी को अपने साथ ले जाने पहुंची तो ससुराल पक्ष ने कथित रूप से उसे घर से बाहर कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर वहां से चले गए।
मामले की सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और पति, पत्नी तथा बच्ची से अलग-अलग बातचीत की। पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने फिलहाल अपनी मां से मिलने की इच्छा नहीं जताई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक महिला का धरना जारी था।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।