नोएडा में सफाई व्यवस्था पर CEO का सख्त एक्शन, इलाके में कूड़ा मिलने पर संबंधित सीनियर मैनेजर होंगे जवाबदेह
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (18/07/2026): शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने सफाई व्यवस्था को लेकर अपनी निगरानी और जवाबदेही की नीति को और कड़ा कर दिया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्ण करुणेश ने जन स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अब किसी भी क्षेत्र में गंदगी या कूड़े के ढेर मिलने पर संबंधित वर्क सर्कल के सीनियर मैनेजर (एसएम) को सीधे तौर पर जिम्मेदार माना जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र की स्वच्छता की नियमित निगरानी करें और लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं रहेगा।
बैठक के दौरान शहर में चल रहे सफाई कार्यों, नालों की सफाई, कूड़ा उठान व्यवस्था तथा सड़क रखरखाव की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान कई क्षेत्रों में सफाई कार्य अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंचने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा रहने पर सीईओ ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नालों की समय पर सफाई नहीं होने से जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सभी नालों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूरी की जाए।
सीईओ ने निर्देश दिए कि शहर के प्रत्येक सेक्टर, मुख्य मार्ग, फुटपाथ, सार्वजनिक स्थल और बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान संचालित किया जाए। साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जाए ताकि कहीं भी कचरे का जमाव न होने पाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी क्षेत्र में गंदगी या सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया गया। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं और सफाई से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता के साथ समयबद्धता भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। सीईओ कृष्ण करुणेश ने कहा कि नोएडा को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंक दिलाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य आधारित कार्य करना होगा। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण के सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं बल्कि शहर की सामूहिक पहचान का विषय है। इसलिए अधिकारी फील्ड में नियमित निरीक्षण करें, शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और ऐसी व्यवस्था विकसित करें जिससे नोएडा के प्रत्येक क्षेत्र में साफ-सुथरा वातावरण दिखाई दे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।