दिल्ली सरकार बांटेगी 15 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 July 2026): स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर राजधानी दिल्ली एक बार फिर तिरंगामय नजर आएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस अभियान के तहत पूरे शहर में 15 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़कर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।

इस अभियान की खास बात यह है कि राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने का जिम्मा स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को दिया गया है। राज्य शहरी आजीविका मिशन (SULM) के माध्यम से चिन्हित पात्र स्वयं सहायता समूह करीब दो लाख तिरंगे तैयार करेंगे। सरकार का मानना है कि इससे अभियान को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलेगी और हजारों महिलाओं एवं समूहों को रोजगार और आय के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल ध्वजारोहण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और नागरिक भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। तिरंगा निर्माण में शामिल स्वयं सहायता समूह न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होंगे, बल्कि राष्ट्रीय गौरव से जुड़े इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा भी बनेंगे।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले सभी राष्ट्रीय ध्वज भारतीय ध्वज संहिता-2002, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम-1971 तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होंगे। इसके अलावा, अभियान के लिए आवश्यक अतिरिक्त तिरंगे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से भी खरीदे जाएंगे, ताकि पूरे दिल्ली में व्यापक स्तर पर वितरण सुनिश्चित किया जा सके।

दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी के अधिकतम घरों तक तिरंगा पहुंचे और हर नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बने। सरकार का मानना है कि ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सामुदायिक संस्थाओं को सशक्त बनाने, स्थानीय रोजगार बढ़ाने और समावेशी विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।