17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान महाप्रदर्शन, सीटू ने किया समर्थन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/07/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर 17 जुलाई को प्रस्तावित किसान महाप्रदर्शन को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) गौतमबुद्ध नगर ने अपना पूर्ण समर्थन घोषित किया है। संगठन ने जिले के औद्योगिक श्रमिकों, निर्माण मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर किसान आंदोलन को मजबूत करने की अपील की है।

सीटू की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अखिल भारतीय किसान सभा और किसान संघर्ष मोर्चा, गौतमबुद्ध नगर के आह्वान पर शुक्रवार, 17 जुलाई को सुबह 10 बजे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर किसानों का विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसानों के लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान और उनके अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

सीटू जिला कमेटी ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के किसानों की भूमि विकास परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की गई, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में किसान अपने वैधानिक अधिकारों और लंबित मांगों के समाधान का इंतजार कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, किसान वर्षों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपेक्षित न्याय नहीं मिल पाया है।

प्रेस विज्ञप्ति में सीटू ने किसान और मजदूरों के संघर्ष को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण से किसान प्रभावित होता है, जबकि उद्योगों और कारखानों में श्रमिकों को शोषण का सामना करना पड़ता है। ऐसे में किसान और मजदूरों की एकजुटता समय की आवश्यकता है और दोनों वर्गों की साझा लड़ाई सामाजिक एवं आर्थिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

सीटू ने किसान संगठनों की प्रमुख मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि प्रभावित किसानों को बिना किसी भेदभाव के 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड दिए जाएं। साथ ही भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन अधिनियम-2013 के प्रावधानों के अनुरूप मुआवजा और पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा संगठन ने गांवों की आबादियों का नियमितीकरण एवं निस्तारण बिना किसी तोड़फोड़ के किए जाने तथा किसानों से जुड़े सभी लंबित मामलों का सम्मानजनक और स्थायी समाधान निकालने की मांग का भी समर्थन किया है।

सीटू ने स्पष्ट किया कि 17 जुलाई को होने वाला प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। संगठन ने जिले के सभी श्रमिक संगठनों और आम नागरिकों से किसान आंदोलन के समर्थन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है अंत में सीटू ने किसान-मजदूर एकता को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि दोनों वर्गों की साझा भागीदारी ही उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।