भलस्वा EWS आवास परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री आशीष सूद
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (16 जुलाई 2026): दिल्ली सरकार ने राजधानी के गरीब एवं झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवारों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने भलस्वा स्थित ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवास परियोजना का निरीक्षण कर मरम्मत और विस्तार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और पात्र परिवारों को जल्द ही सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का विस्तृत अवलोकन किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले से निर्मित पुराने ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का पुनः डिज़ाइन कर उनका विस्तार किया जा रहा है, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाया जा सके।
आशीष सूद ने बताया कि करदाताओं के धन का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करते हुए पहले से निर्मित संरचनाओं का चार से पाँच वर्ग मीटर तक विस्तार किया जा रहा है। इससे फ्लैटों का कार्पेट एरिया बढ़ेगा और गरीब परिवारों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गरिमापूर्ण आवास मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि इसी वर्ष फरवरी में भी उन्होंने इस परियोजना का दौरा किया था और अधिकारियों को फ्लैटों के कार्पेट एरिया में वृद्धि करने के निर्देश दिए थे। वर्तमान निरीक्षण के दौरान उन्होंने कमरों के आकार, नई फ्लोरिंग तथा अन्य निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
भलस्वा ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना में 7,400 से अधिक फ्लैट शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि वर्षों तक प्रक्रियागत बाधाओं और राजनीतिक निर्णयहीनता के कारण ये आवास पात्र परिवारों तक नहीं पहुंच सके। अब वर्तमान सरकार पारदर्शी और चरणबद्ध तरीके से इन फ्लैटों का आवंटन सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री के साथ परियोजना का संयुक्त अंतिम निरीक्षण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के सुझावों के आधार पर केंद्रीय गृह मंत्री एवं वरिष्ठ नेतृत्व से अंतिम मार्गदर्शन प्राप्त कर आवंटन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पुराने फ्लैटों को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित कर रही है और जल्द ही ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारते हुए पात्र गरीब परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।