Bharat Tex 2026: ‘लखपति दीदी’ ने वैश्विक मंच पर दिखाया हुनर, ग्रामीण महिला उद्यमों को मिली नई पहचान
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (15 जुलाई 2026): भारत मंडपम में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 में ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) ने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत देशभर की स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी ग्रामीण महिला उद्यमियों और ‘लखपति दीदी’ के उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, खरीदारों और उद्योग जगत से जोड़ना तथा उन्हें नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराना है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव रोहित कंसल ने संयुक्त सचिव (ग्रामीण आजीविका) स्वाति शर्मा और DAY-NRLM की निदेशक डॉ. मोलिश्री की उपस्थिति में मंत्रालय के प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आईं ‘लखपति दीदी’ से बातचीत की और उनके उत्पादों का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में ग्रामीण महिलाओं की पारंपरिक कला, कौशल और उद्यमिता का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां हैंडलूम, परिधान निर्माण, ढोकरा धातु शिल्प, कोल्हापुरी लेदर क्राफ्ट, जूट, बांस, लकड़ी की कलाकृतियां, बीडवर्क, सिल्क थ्रेड ज्वेलरी तथा वाटर हायसिंथ से बने पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। ये सभी उत्पाद स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हैं।
प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण ‘सरस शक्ति कलेक्शन’ भी रहा, जो DAY-NRLM के तहत शुरू की गई एक विशेष प्रीमियम गिफ्टिंग पहल है। इसके माध्यम से ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उच्च गुणवत्ता वाले हस्तशिल्प उत्पादों को ब्रांडेड संस्थागत उपहार के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य इन उत्पादों को सरकारी और संस्थागत बाजारों तक पहुंचाना तथा ग्रामीण हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाना है।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, DAY-NRLM के तहत देशभर में 10 करोड़ से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा चुका है। इसी मजबूत नेटवर्क के आधार पर संचालित ‘लखपति दीदी’ पहल के तहत अब तक 3 करोड़ से अधिक महिलाएं वार्षिक आय के निर्धारित लक्ष्य तक पहुंच चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में 6 करोड़ लखपति दीदी तैयार करने का है।
मंत्रालय का कहना है कि भारत टेक्स 2026 में भागीदारी से ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को वैश्विक खरीदारों और उद्योग जगत के सामने प्रस्तुत करने, नए बाजार तलाशने और व्यापारिक साझेदारियां विकसित करने का अवसर मिलेगा। यह पहल महिलाओं के नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को सशक्त बनाने, पारंपरिक शिल्प को संरक्षित करने और ग्रामीण उत्पादों की बाजार पहुंच बढ़ाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।